

चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Chandigarh school bomb threat : चंडीगढ़ में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के पांच प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और एहतियातन सभी स्कूल परिसरों को तुरंत खाली करा लिया गया। जिन स्कूलों को निशाना बनाए जाने की धमकी मिली है, उनमें सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-16 का मॉडल स्कूल, सेक्टर-45 का सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-35 का मॉडल स्कूल और सेक्टर-19 का मॉडल स्कूल शामिल हैं।
सूचना मिलते ही स्कूलों में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और स्कूल बसों को बीच रास्ते से ही वापस भेज दिया गया। चंडीगढ़ पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
Chandigarh school bomb threat : पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की गंभीरता से जांच की जा रही है और भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर स्कूलों के आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद बच्चों और अभिभावकों में चिंता और डर का माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


