
रायपुर कलां (वीकैंड रिपोर्ट)- Municipal Corporation News : रायपुर कलां स्थित गौशाला में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर एक गोसेवक से मसाज करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। वीडियो सामने आते ही निगम प्रशासन हरकत में आया और जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए गए।
नगर निगम ने सैनिटरी इंस्पेक्टर ईशू सिंगला और आउटसोर्स मल्टीटास्किंग वर्कर गौरव की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। वहीं नियमित सैनिटरी जमादार सुच्चा सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो में गौशाला परिसर के भीतर कुछ कर्मचारी आराम करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक गोसेवक उनके हाथ-पैर दबाता नजर आ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।
Municipal Corporation News : नगर निगम के मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ (एमओएच) द्वारा जारी आदेशों के अनुसार आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के लिए संबंधित एजेंसी को भी निर्देश भेज दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के समय इस तरह का आचरण सेवा नियमों और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि रायपुर कलां गौशाला पहले भी कई विवादों में रह चुकी है। कुछ समय पहले यहां मृत गायों के शव मिलने के मामले में भी नगर निगम ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर वायरल वीडियो के बाद गौशाला की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की निगरानी और प्रबंधन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था और अधिक सख्त की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


