

सिरसा/रोहतक (वीकैंड रिपोर्ट)- Gurmeet Ram Rahim Furlough : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को 21 दिन की फरलो मंजूर की गई है। मंगलवार सुबह वह जेल से रिहा होकर सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुख्य आश्रम के लिए रवाना हो गया।
जेल प्रशासन के अनुसार, फरलो की अवधि के दौरान राम रहीम सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में ही रहेगा। लगातार तीसरी बार उसे सिरसा आश्रम में रहने की अनुमति दी गई है। इससे पहले पैरोल और फरलो के दौरान उसे उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बरनावा आश्रम भेजा जाता रहा था।
2017 के बाद 17वीं बार जेल से बाहर
विशेष सीबीआई अदालत द्वारा वर्ष 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से गुरमीत राम रहीम कई बार पैरोल और फरलो पर जेल से बाहर आ चुका है। यह 17वीं बार है जब उसे अस्थायी राहत मिली है। इससे पहले मई 2026 में उसे 30 दिन की पैरोल दी गई थी। राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो मिलने को लेकर समय-समय पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल भी उठते रहे हैं।
कई मामलों में काट रहा है सजा
गुरमीत राम रहीम को वर्ष 2017 में दो महिला साध्वियों के यौन शोषण मामले में दोषी ठहराया गया था। सीबीआई की विशेष अदालत ने उसे दोनों मामलों में 10-10 साल की सजा सुनाई थी। इसके अलावा वह डेरा सच्चा सौदा के पूर्व मैनेजर रंजीत सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में भी उसे दोषी करार दिया जा चुका है।
सजा के बाद भड़की थी हिंसा
राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा के पंचकूला समेत कई क्षेत्रों में व्यापक हिंसा हुई थी। इसके बाद से वह रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है और विभिन्न मामलों में मिली सजाएं काट रहा है। फिलहाल 21 दिन की फरलो के दौरान उसकी गतिविधियों पर प्रशासन की नजर रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


