

Punjab IAS Transfers 2026: पंजाब सरकार ने 8 IAS अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला किया। जालंधर नगर निगम को नया कमिश्नर मिला, जबकि कई महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां की गईं
जालंधर (वीकेंड रिपोर्ट) 9 जुलाई Punjab IAS Transfers 2026: पंजाब सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 8 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला एवं नई नियुक्तियां की हैं। इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा राज्यपाल की मंजूरी के बाद आदेश जारी किए गए। आदेशों पर पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा के हस्ताक्षर हैं।
जारी आदेशों के अनुसार नीलिमा (IAS 2008) को गृह विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित कर सचिव, कार्मिक विभाग नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें रिक्त पद पर सचिव, विजिलेंस का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
साक्षी साहनी (IAS 2014) स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में विशेष सचिव तथा नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) की मिशन निदेशक के पद पर कार्यरत रहेंगी। उन्हें अतिरिक्त रूप से एंटी ड्रग कैंपेन की नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, उन्हें पंजाब अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PUDA) के मुख्य प्रशासक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
संदीप ऋषि (IAS 2015), जो अब तक नगर निगम जालंधर के कमिश्नर थे, उन्हें ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA), मोहाली का मुख्य प्रशासक नियुक्त किया गया है।
परमिंदर पाल सिंह (IAS 2016) को रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, गृह विभाग नियुक्त किया गया है।
नीरू कत्याल गुप्ता (IAS 2016) को PUDA का मुख्य प्रशासक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
निकास कुमार (IAS 2020), जो होशियारपुर में अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) के पद पर कार्यरत थे, उन्हें नगर निगम जालंधर का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
युवा अधिकारियों में सोनम (IAS 2023) को अतिरिक्त आयुक्त, कराधान-1, पटियाला नियुक्त किया गया है। वह संयुक्त आयुक्त, नगर निगम पटियाला का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी।
वहीं राकेश कुमार मीणा (IAS 2023) को संयुक्त आयुक्त, नगर निगम बठिंडा से स्थानांतरित कर अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास), होशियारपुर नियुक्त किया गया है।


सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों को नई पोस्टिंग नहीं दी गई है, वे सचिव, कार्मिक विभाग को रिपोर्ट करेंगे। संबंधित विभागों को रिक्त पदों पर कार्य व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


