
नई दिल्ली, 1 जुलाई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- New Rules from 1 July 2026 : जुलाई महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई महत्वपूर्ण नियम लागू हो गए हैं। इन बदलावों का असर आम नागरिकों, यात्रियों, वाहन मालिकों, कारोबारियों और उपभोक्ताओं पर सीधे तौर पर पड़ेगा। जहां एक ओर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सस्ता हुआ है और आधार कार्ड में ईमेल अपडेट की सुविधा मुफ्त कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। इसके अलावा रेलवे, पेट्रोल-डीजल और ऑटो सेक्टर से जुड़े कई नए नियम भी आज से प्रभावी हो गए हैं।
कॉमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता
तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में करीब 180 रुपये तक की कटौती की है। दिल्ली में इसकी कीमत घटकर 2,930 रुपये हो गई है। कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी कीमतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग व्यवसाय को राहत मिलने की उम्मीद है।
डीजल भरवाने की सीमा हटाई गई
सरकार ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा समाप्त कर दी है। साथ ही औद्योगिक उपभोक्ताओं पर लगी खरीद संबंधी पाबंदियां भी हटा दी गई हैं। ईंधन आपूर्ति सामान्य होने के बाद यह फैसला लिया गया है, जिससे ट्रांसपोर्ट और उद्योग क्षेत्र को राहत मिलेगी।
पासपोर्ट बनवाना और रिन्यू कराना हुआ महंगा
करीब 14 साल बाद केंद्र सरकार ने पासपोर्ट फीस में बढ़ोतरी की है। अब 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये हो गई है, जबकि तत्काल सेवा के लिए 5,000 रुपये देने होंगे। वहीं 60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस भी बढ़ा दी गई है।
New Rules from 1 July 2026 : बिना टिकट यात्रा पर दोगुना जुर्माना
रेल मंत्रालय ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। अब न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा वास्तविक किराया भी देना होगा। गंभीर मामलों में अदालत दोषी पाए जाने पर जेल और अतिरिक्त जुर्माने का भी प्रावधान है।
पेट्रोल-डीजल पर निजी कंपनी ने दी राहत
निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। यह नई दरें देशभर में कंपनी के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं। हालांकि सरकारी तेल कंपनियों ने अभी तक अपनी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
आधार में ईमेल अपडेट अब मुफ्त
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 31 दिसंबर 2026 तक आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट कराने की सुविधा पूरी तरह मुफ्त कर दी है। पहले इसके लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। इससे करोड़ों आधार धारकों को सीधा लाभ मिलेगा।
नई कार खरीदना पड़ेगा महंगा
1 जुलाई से कई प्रमुख ऑटो कंपनियों ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। किया इंडिया ने वाहनों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक और टाटा मोटर्स ने 1.5 प्रतिशत तक वृद्धि की है। इसका असर पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर पड़ेगा।
New Rules from 1 July 2026 : आम लोगों की जेब पर होगा असर
1 जुलाई से लागू हुए इन नए नियमों का असर लोगों के दैनिक खर्च, यात्रा, वाहन खरीद, पासपोर्ट सेवाओं और ईंधन पर साफ दिखाई देगा। जहां कुछ फैसलों से राहत मिली है, वहीं कुछ बदलावों से आम नागरिकों का खर्च भी बढ़ेगा। ऐसे में इन नए नियमों की जानकारी रखना हर नागरिक के लिए जरूरी है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


