
नई दिल्ली, 13 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Gold Import Duty : देशभर में आज से सोना, चांदी और प्लैटिनम की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। केंद्र सरकार ने कीमती धातुओं के आयात पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है, जिससे इनका आयात महंगा हो जाएगा और इसका सीधा असर बाजार कीमतों पर पड़ सकता है।
सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक नई आयात शुल्क दरें 13 मई 2026 से लागू हो गई हैं। इसके तहत सोना, चांदी, प्लैटिनम और ज्वेलरी से जुड़े कई उत्पादों पर अधिक ड्यूटी लगाई गई है।
6% से बढ़कर 15% हुआ कुल आयात शुल्क
रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार ने सोना और चांदी के आयात पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लागू किया है। इसके बाद इन धातुओं पर कुल आयात शुल्क 6% से बढ़कर 15% हो गया है।
सरकार ने बताई वजह
सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद सोना-चांदी के आयात को नियंत्रित करना और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम करना है। इसके अलावा UAE से तय कोटे के तहत आने वाले सोने पर मिलने वाली रियायती ड्यूटी में भी बदलाव किया गया है।
ज्वेलरी पार्ट्स पर भी बढ़ी ड्यूटी
नई व्यवस्था के तहत ज्वेलरी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई पुर्जों पर भी ड्यूटी बढ़ाई गई है।
Gold Import Duty : नई दरों के मुताबिक:
सोने और चांदी के पुर्जों पर 5% कस्टम ड्यूटी लगेगी। प्लैटिनम के पुर्जों पर 5.4% ड्यूटी लागू होगी। इनमें हुक, क्लैस्प, क्लैंप, पिन और स्क्रू बैक जैसे ज्वेलरी पार्ट्स शामिल हैं।
रीसाइक्लिंग आयात नियमों में भी बदलाव
सरकार ने कीमती धातुओं वाली इस्तेमाल हो चुकी कैटेलिस्ट और राख के आयात नियमों में भी संशोधन किया है। रिकवरी और रीसाइक्लिंग के लिए होने वाले ऐसे आयात पर निर्धारित शर्तों के तहत 4.35% की रियायती कस्टम ड्यूटी लागू होगी।
बाजार में बढ़ सकती हैं कीमतें
विशेषज्ञों का मानना है कि आयात शुल्क बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में सोना और चांदी महंगे हो सकते हैं। इसका असर खासतौर पर ज्वेलरी कारोबार और शादी-विवाह के सीजन में खरीदारी करने वाले ग्राहकों पर पड़ सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


