
टेक डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- AC Service Tips : भीषण गर्मी के बीच AC अब लोगों की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। घर, ऑफिस और दुकानों में लगातार चल रहे AC के बीच कई लोग एक आम समस्या से परेशान रहते हैं — AC का अचानक कम कूलिंग देना। अक्सर लोगों को लगता है कि मशीन खराब हो गई है, लेकिन कई मामलों में असली वजह गैस लीकेज होती है। AC की गैस लीक होने पर न सिर्फ कूलिंग कम हो जाती है, बल्कि बिजली का बिल भी तेजी से बढ़ने लगता है। इसके अलावा बार-बार गैस भरवाने का खर्च अलग से बढ़ जाता है।
क्यों लीक होती है AC की गैस?
विशेषज्ञों के मुताबिक AC में लगे कॉपर पाइप में नमी और गंदगी जमा होने से धीरे-धीरे जंग लगने लगती है। इस वजह से पाइप में छोटे-छोटे छेद हो जाते हैं और गैस बाहर निकलने लगती है। इसके अलावा गलत पाइप फिटिंग, ढीले जोड़ और आउटडोर यूनिट में ज्यादा कंपन भी गैस लीकेज की बड़ी वजह बन सकते हैं। यही कारण है कि कई बार नया AC भी जल्दी गैस लीक की समस्या देने लगता है।
आपकी छोटी लापरवाही पड़ सकती है भारी
अगर सीजन शुरू होने से पहले AC की सर्विस नहीं करवाई जाए, तो धूल और गंदगी पाइप और कॉइल को नुकसान पहुंचाने लगती है। वहीं सस्ते या अनुभवहीन मैकेनिक से काम करवाना भी नुकसानदायक साबित हो सकता है। कई बार घटिया क्वालिटी के पाइप और गैस इस्तेमाल करने से लीकेज जल्दी शुरू हो जाती है।
AC Service Tips : गंदा फिल्टर भी बढ़ाता है खतरा
जब एयर फिल्टर गंदा हो जाता है, तो इंडोर यूनिट पर बर्फ जमने लगती है। इससे कॉइल पर दबाव बढ़ता है और गैस लीकेज का खतरा भी ज्यादा हो जाता है।
ऐसे पहचानें गैस लीक होने के संकेत
अगर AC चलाने के बाद भी कमरा देर से ठंडा हो रहा है, तो यह गैस कम होने का संकेत हो सकता है। इसके अलावा आउटडोर यूनिट के कॉपर पाइप पर बर्फ जमना भी लीकेज की निशानी माना जाता है। अगर AC से हिस्स-हिस्स जैसी आवाज आए, तो समझना चाहिए कि कहीं से गैस बाहर निकल रही है।
बिजली बिल भी बढ़ा देती है ये समस्या
गैस कम होने पर AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत तेजी से बढ़ जाती है। यानी समय रहते समस्या ठीक न करवाने पर हर महीने जेब पर बड़ा असर पड़ सकता है।
AC Service Tips : कैसे करें बचाव?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि साल में कम से कम दो बार AC की सर्विस जरूर करवाई जाए। हमेशा भरोसेमंद तकनीशियन और अच्छी क्वालिटी के पाइप का ही इस्तेमाल करना चाहिए। सर्दियों में आउटडोर यूनिट को ढककर रखने से धूल और नमी से बचाव होता है। इसके अलावा AC बंद करने से कुछ मिनट पहले सिर्फ फैन मोड चलाने से अंदर की नमी सूख जाती है और लीकेज का खतरा कम हो सकता है।
गर्मी में बढ़ सकती है परेशानी
भीषण गर्मी के मौसम में AC की छोटी समस्या भी बड़ी परेशानी बन सकती है। ऐसे में समय-समय पर सर्विस और सही देखभाल करना बेहद जरूरी माना जाता है ताकि AC लंबे समय तक बेहतर कूलिंग देता रहे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


