





चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab AAP MLA Join BJP : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन मौजूदा विधायकों ने इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं में अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। तीनों नेताओं के इस फैसले से पंजाब की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। तीनों विधायकों ने रविवार और सोमवार के दौरान AAP से इस्तीफा दिया। रविवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी छोड़ी, जबकि सोमवार को कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी AAP से नाता तोड़ लिया। इसके बाद तीनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने की खबर सामने आई।
कुंवर विजय प्रताप का पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप
भाजपा में शामिल होने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में गैंगस्टर सरकार का हिस्सा बन गए हैं और राज्य में फिरौती की इंडस्ट्री चल रही है। उनके इस बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। कुंवर विजय प्रताप सिंह ने 1 नवंबर 2026 से पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने AAP पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा को पत्र लिखकर पार्टी के सभी पदों और जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने का ऐलान किया। उन्होंने इस्तीफे की प्रति पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी भेजी।
AAP दो विधायकों की सदस्यता रद्द कराने की तैयारी में
तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। पार्टी ने कहा है कि वह समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग स्पीकर के सामने रखेगी। AAP प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पहले ही पार्टी से निलंबित किया जा चुका है। अब पार्टी उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने की मांग करेगी।
2022 से ही कुंवर विजय प्रताप के AAP से थे मतभेद
कुंवर विजय प्रताप सिंह और आम आदमी पार्टी के बीच मतभेद विधायक बनने के बाद से ही सामने आने लगे थे। वर्ष 2022 में अमृतसर नॉर्थ से विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड के मामलों में न्याय की मांग उठाई थी। इस दौरान वह कई बार अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके थे। जनवरी 2023 में उन्होंने विधानसभा की सरकारी आश्वासन कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भी मुख्यमंत्री भगवंत मान और सरकार के कामकाज को लेकर उनके बयान चर्चा में रहे। जून 2025 में AAP ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था।
Punjab AAP MLA Join BJP : जौड़ामाजरा और पठानमाजरा ने रविवार को दिया था इस्तीफा
समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को AAP छोड़ने का ऐलान किया था। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। चेतन सिंह जौड़ामाजरा AAP सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। कुछ समय पहले पार्टी ने पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को समाना विधानसभा सीट का हलका इंचार्ज नियुक्त किया था। इसके बाद जौड़ामाजरा की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद उनके ऑस्ट्रेलिया फरार होने की खबरें सामने आई थीं। जांच में शामिल होने के लिए भारत लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
2027 चुनाव से पहले AAP के सामने संगठनात्मक चुनौती
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले तीन मौजूदा विधायकों का पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होना AAP के लिए एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम है। एक ओर पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी ओर विधायकों के इस्तीफों ने संगठन और पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अब राजनीतिक नजरें इस बात पर रहेंगी कि भाजपा इन तीनों नेताओं को आगामी चुनाव में क्या भूमिका देती है और AAP इस घटनाक्रम पर आगे क्या कदम उठाती है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


