

नई दिल्ली, 3 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- School Summer Holidays : देश के बड़े हिस्से में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। बढ़ते तापमान के कारण कई राज्यों में स्कूलों को समय से पहले बंद कर दिया गया है, जबकि कुछ राज्यों ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में बड़े बदलाव की संभावना जताई है।
पंजाब सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले हफ्ते से मौसम के तेवर और तीखे हो सकते हैं, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। हालांकि, बीच में हल्की राहत की भी उम्मीद जताई गई है।
दिल्ली में 50 दिन की छुट्टियां
शिक्षा निदेशालय के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार, दिल्ली के स्कूल 11 मई से 30 जून 2026 तक गर्मी की छुट्टियों के लिए बंद रहेंगे और 1 जुलाई से दोबारा खुलेंगे।
किस राज्य में कब छुट्टियां?
उत्तर प्रदेश में प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों की छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक रहेंगी। वहीं कई राज्यों में गर्मी के कारण स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है—
- नोएडा और गाजियाबाद: सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक
- झारखंड: सुबह 7:00 से 11:30 बजे तक
- पटना (बिहार): सुबह 11:30 बजे तक
- महाराष्ट्र: सुबह 7:00 से 11:15 बजे तक
- राजस्थान: सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक
School Summer Holidays : कुछ राज्यों में पहले ही छुट्टियां शुरू
ओडिशा में 27 अप्रैल से, छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से 15 जून तक और पश्चिम बंगाल में 22 अप्रैल से (दार्जिलिंग को छोड़कर) गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी और राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। सोमवार से बुधवार के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
फिलहाल लोगों को तेज गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


