
ओटावा/नई दिल्ली, 3 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- CSIS report India allegations : कनाडा की खुफिया एजेंसी कनाडाई सुरक्षा खुफिया सेवा (CSIS) ने अपनी ‘पब्लिक रिपोर्ट 2025’ में भारत पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में भारत को चीन, रूस, ईरान और पाकिस्तान के साथ उन देशों की सूची में शामिल किया गया है, जिन पर कनाडा में कथित विदेशी हस्तक्षेप और जासूसी गतिविधियों का आरोप है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने अपने रणनीतिक हितों को साधने के लिए कनाडाई राजनीति, मीडिया और इंडो-कनाडाई समुदाय के कुछ लोगों के साथ गुप्त संपर्क स्थापित करने की कोशिश की। साथ ही, आलोचकों पर निगरानी रखने और दबाव बनाने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं, जिन्हें रिपोर्ट में ‘ट्रांसनेशनल रिप्रेशन’ का हिस्सा बताया गया है।
खालिस्तान मुद्दे पर अलग नजरिया
रिपोर्ट में खालिस्तान समर्थक गतिविधियों का भी जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि भारत इस मुद्दे को अपनी आंतरिक सुरक्षा से जोड़कर देखता है, जबकि कनाडा इसे शांतिपूर्ण राजनीतिक अभिव्यक्ति मानता है। रिपोर्ट के अनुसार, कनाडा में खालिस्तान की वकालत को “वैध राजनीतिक गतिविधि” माना गया है।
एयर इंडिया बम धमाके का भी जिक्र
CSIS रिपोर्ट में एयर इंडिया फ्लाइट 182 बम विस्फोट का भी उल्लेख किया गया है, जिसे कनाडा के इतिहास का सबसे घातक आतंकी हमला माना जाता है। इस घटना में 329 लोगों की जान गई थी और इसके पीछे कनाडा में सक्रिय खालिस्तानी चरमपंथियों का हाथ माना गया था।
CSIS report India allegations : खतरा अभी भी बरकरार
रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2025 में खालिस्तानी चरमपंथ से जुड़ा कोई बड़ा हमला दर्ज नहीं हुआ, लेकिन खतरा अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। कुछ चरमपंथी समूह कनाडाई जमीन का इस्तेमाल भारत में हिंसा भड़काने, फंडिंग जुटाने और साजिश रचने के लिए कर सकते हैं।
संस्थानों के दुरुपयोग का दावा
CSIS ने यह भी दावा किया है कि कुछ कट्टरपंथी तत्व कनाडा के संस्थानों और समुदायों का इस्तेमाल कर धन इकट्ठा करते हैं और उसे हिंसक गतिविधियों की ओर मोड़ते हैं।
फिलहाल, इस रिपोर्ट पर भारत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इससे दोनों देशों के रिश्तों में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


