

कैलगरी (वीकैंड रिपोर्ट)- Canada Calgary Extortion Case Kanureet Kaur Arrested : कनाडा के कैलगरी शहर में रंगदारी और फायरिंग से जुड़े एक चर्चित मामले में पंजाब मूल की 23 वर्षीय कनुरीत कौर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का आरोप है कि कनुरीत ने पीड़िता की निजी और संवेदनशील जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई, जिससे उन्हें महिला और उसके परिवार की पहचान करने, उनका पता लगाने और धमकाने में मदद मिली। हालांकि गिरफ्तारी के बाद कनुरीत कौर को रिहा कर दिया गया है और उसे 6 अक्टूबर 2026 को अदालत में पेश होना होगा।
WhatsApp पर मिली धमकियां, कुछ घंटों बाद घर पर चली गोलियां
कैलगरी पुलिस के अनुसार इस मामले की जांच 25 मार्च 2026 को शुरू हुई थी। पीड़िता को WhatsApp के जरिए अज्ञात नंबरों से पैसे की मांग करते हुए कई मैसेज और वॉयस नोट्स भेजे गए थे। इन संदेशों में महिला के परिवार, निजी जीवन और कारोबार से जुड़ी जानकारी का उल्लेख करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि धमकी भरे संदेश मिलने के करीब 12 घंटे बाद पीड़िता के घर पर फायरिंग की घटना हुई। गोलीबारी के बाद आरोपी वाहन में सवार होकर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पीड़िता के यहां काम करती थी कनुरीत कौर
जांच एजेंसियों के मुताबिक कनुरीत कौर पहले पीड़िता के यहां काम कर चुकी थी और उसे परिवार की कई निजी जानकारियों तक पहुंच थी। पुलिस का आरोप है कि उसने यही जानकारी अन्य संदिग्धों को उपलब्ध कराई, जिसका इस्तेमाल रंगदारी और धमकी देने की साजिश में किया गया। कौर पर फिलहाल एक्सटॉर्शन (रंगदारी) से संबंधित एक आरोप लगाया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया और अब वह निर्धारित तारीख पर अदालत में पेश होगी।
17 वर्षीय नाबालिग भी आ चुका है पुलिस के शिकंजे में
इस मामले में पुलिस ने इससे पहले 29 जुलाई को एक 17 वर्षीय किशोर को भी गिरफ्तार किया था। जांच में उसकी भूमिका पीड़िता और कथित रंगदारी मांगने वालों के बीच संपर्क स्थापित कराने की बताई गई है। बाद में उसे भी रिहा कर दिया गया। कनाडा के Youth Criminal Justice Act के तहत नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
Canada Calgary Extortion Case Kanureet Kaur Arrested : पुलिस की तलाश में 21 वर्षीय तनवीर सिंह
मामले की जांच के दौरान पुलिस अब 21 वर्षीय तनवीर सिंह की तलाश कर रही है। उसके खिलाफ 5,000 कनाडाई डॉलर से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति रखने के आरोप में वारंट जारी किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस रंगदारी और फायरिंग मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन का संबंध चोरी की गाड़ी से हो सकता है। तनवीर सिंह की पहचान के लिए पुलिस ने उसका हुलिया भी जारी किया है।
कैलगरी में बढ़ रहे हैं रंगदारी के मामले
कैलगरी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से अब तक शहर में रंगदारी से जुड़े 51 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 19 मामलों में फायरिंग की घटनाएं भी शामिल हैं। अब तक 19 लोगों पर कुल 59 आपराधिक आरोप लगाए जा चुके हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की रंगदारी, धमकी या पैसे की मांग से जुड़ा कॉल, मैसेज या वॉयस नोट प्राप्त होता है तो वे घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


