





उत्तराखंड (वीकैंड रिपोर्ट)- CM Yogi Adityanath Mother Death : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। पंचूर गांव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है। इसी गांव में उनका जन्म हुआ और बचपन बीता। मां के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार और शुभचिंतकों के बीच शोक का माहौल है।
जून 2024 में एम्स ऋषिकेश पहुंचकर मां से मिले थे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के काफी करीब थे। व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद वह समय निकालकर उनसे मिलने पहुंचते थे। मई 2022 में लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने पर उन्होंने मां सावित्री देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। इसके बाद जून 2024 में उत्तराखंड दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल पहुंचे थे। उस समय उनकी मां इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थीं। सीएम योगी ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य का हालचाल जाना था और डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी। जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, हालांकि आंखों की जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
CM Yogi Adityanath Mother Death : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
सीएम योगी की मां के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं जाहिर करते हुए कहा कि पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
अप्रैल 2020 में पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी हुआ था निधन
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। किडनी और लिवर से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उनका दिल्ली स्थित एम्स में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली थी। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना महामारी से निपटने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रहे थे, तभी उन्हें पिता के निधन की सूचना मिली थी। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 1991 में सेवानिवृत्त होने के बाद वह अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहने लगे थे।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


