





इंटरनेशनल डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- US Banking Outage : अमेरिका में तकनीकी गड़बड़ियों का सिलसिला लगातार जारी है। एक सप्ताह के भीतर देश में तीसरी बड़ी तकनीकी समस्या सामने आई है। इस बार इसका असर कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा है। बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और जेला समेत कई बैंकों के ग्राहक ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। ग्राहकों को अपने बैंक खातों तक पहुंचने, बैलेंस चेक करने और ऑनलाइन लेनदेन करने में दिक्कतें आ रही हैं। कई यूजर्स ने शिकायत की है कि बैंकिंग ऐप और वेबसाइट का इस्तेमाल करते समय स्क्रीन पर एरर मैसेज दिखाई दे रहा है। इसके चलते रोजमर्रा के बैंकिंग काम प्रभावित हुए हैं।
Downdetector पर बड़ी संख्या में शिकायतें
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, बड़ी संख्या में ग्राहकों ने बैंकिंग सेवाओं में आ रही समस्याओं की शिकायत दर्ज कराई है। यूजर्स ने बताया कि वे अपने ऑनलाइन बैंक खातों में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं और कई मामलों में ट्रांजैक्शन भी सामान्य तरीके से पूरे नहीं हो रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैंकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह समस्या सामने आई है। हालांकि, अलग-अलग बैंकों की सेवाओं पर इसका कितना असर पड़ा है, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
चेज बैंक ने मानी तकनीकी खराबी, साइबर हमले से इनकार
चेज बैंक ने भी अपनी सेवाओं में आई बाधा की पुष्टि की है। बैंक की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह परेशानी तकनीकी खराबी के कारण हुई है और इसका किसी साइबर हमले से संबंध नहीं है। बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने के बाद कई ग्राहकों ने साइबर अटैक की आशंका जताई थी। चेज बैंक के प्रवक्ता ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि तकनीकी समस्या के चलते कुछ लेनदेन सामान्य से अधिक समय ले रहे हैं। बैंक की तकनीकी टीम इस गड़बड़ी को जल्द से जल्द ठीक करने में जुटी हुई है, ताकि ग्राहकों को फिर से सामान्य बैंकिंग सेवाएं मिल सकें।
US Banking Outage : सोशल मीडिया पर ग्राहकों ने साझा की परेशानी
ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में रुकावट के बाद कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर अपनी समस्याएं साझा की हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि बैंकिंग ऐप खोलने पर सेवाएं उपलब्ध नहीं होने का संदेश दिखाई दे रहा है, जबकि कुछ ग्राहकों को भुगतान और ट्रांजैक्शन पूरा करने में परेशानी हो रही है। ग्राहकों को स्क्रीन पर यह जानकारी दी जा रही है कि कुछ बैंकिंग सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बहाल करने के लिए काम किया जा रहा है। तकनीकी टीमों की ओर से समस्या ठीक करने के प्रयास जारी हैं।
एक सप्ताह में तीसरी बड़ी तकनीकी गड़बड़ी
अमेरिका में पिछले एक सप्ताह के दौरान तकनीकी समस्याओं ने कई महत्वपूर्ण सेवाओं को प्रभावित किया है। सबसे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आउटेज की समस्या सामने आई थी। इसका असर अमेरिका और भारत समेत दुनिया के कई देशों में देखने को मिला था। इस दौरान माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।
माइक्रोसॉफ्ट ने इस आउटेज के पीछे अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी समस्या को जिम्मेदार बताया था। इसके बाद एयरलाइंस के संचार सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों के टेकऑफ पर कुछ समय के लिए रोक लगानी पड़ी थी। अब बैंकिंग सेवाओं में आई इस नई गड़बड़ी ने ग्राहकों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही इन तकनीकी समस्याओं ने डिजिटल सेवाओं पर निर्भर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल बैंक अपनी सेवाओं को सामान्य करने में जुटे हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


