





ढाका (वीकैंड रिपोर्ट)- Bangladesh Violence : बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थकों ने तारिक रहमान सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया है। उनकी पार्टी आवामी लीग की ओर से लॉकडाउन का आह्वान किए जाने के बाद कई शहरों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर पेड़ों के तने डालकर रास्ते बंद किए और कई स्थानों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
राजधानी ढाका समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। आवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाले, जबकि कई जगहों पर देसी बम विस्फोट और वाहनों में आग लगाने की घटनाओं की भी खबर है। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ढाका-खुलना हाईवे जाम, कई इलाकों में बम धमाकों से दहशत
आवामी लीग की छात्र इकाई के कार्यकर्ताओं ने पेड़ गिराकर और सड़कों पर टायर जलाकर ढाका-खुलना हाईवे को जाम कर दिया। इसके अलावा राजधानी ढाका के कई इलाकों में देसी बम विस्फोट होने की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मंगलवार रात एक पुलिस स्टेशन, पुलिस वाहन और तुंगीपारा में बीएनपी सांसद एसएम जिलानी के घर पर आगजनी की घटनाएं हुई थीं। इसके बाद आवामी लीग की ओर से लॉकडाउन का ऐलान किया गया। चटगांव में पूर्व अंतरिम प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग के हवाले किए जाने की खबर है। वहीं, ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।
बीएनपी और आवामी लीग के कार्यकर्ताओं में टकराव, कई लोगों की मौत
हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और आवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव बढ़ गया है। बीएनपी कार्यकर्ताओं पर आवामी लीग के दो नेताओं के घरों में हमला कर आग लगाने के आरोप लगे हैं। नरैल में बीएनपी के एक मार्च पर हुए हमले में दो नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा फरिदपुर और पिरोजपुर में भी एक बीएनपी नेता और एक बस कर्मचारी की जान जाने की खबर है। हिंसा के दौरान बीएनपी के दो कार्यालयों और एक नेता के घर को आग लगा दी गई, जबकि आवामी लीग के दो कार्यालयों और पांच संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया है।
28 जिलों में हिंसा, सेना और बीजीबी की तैनाती
बांग्लादेश के 28 जिलों में देसी बम विस्फोट और वाहनों को आग लगाने की घटनाएं सामने आने के बाद सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। राजधानी ढाका में सेना और अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। वहीं, संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवानों की भी तैनाती की गई है। सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के कारण देश में तनाव लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Bangladesh Violence : शेख हसीना की सजा के एक साल बाद फिर बढ़ा राजनीतिक विवाद
बांग्लादेश में मौजूदा तनाव के पीछे शेख हसीना से जुड़ा मामला भी अहम माना जा रहा है। 19 नवंबर को पिछले साल मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई गई थी। 79 वर्षीय हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल हो गई थीं और देश छोड़कर भारत चली गई थीं। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार लगातार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर रही है। वहीं, शेख हसीना भी बांग्लादेश लौटने की इच्छा जता चुकी हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं।
आवामी लीग की वापसी के खिलाफ बीएनपी सरकार
तारिक रहमान सरकार आवामी लीग की राजनीतिक वापसी के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट कर चुकी है। सरकार ने लोकतांत्रिक दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील भी की है। दूसरी तरफ, शेख हसीना के समर्थक लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लगातार बढ़ती हिंसा और राजनीतिक टकराव ने बांग्लादेश की कानून-व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियां हालात को किस तरह नियंत्रित करती हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


