





हेल्थ डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- Rising Demand for IVF Treatment : आज के समय में माता-पिता बनने की योजना बना रहे कई दंपतियों को इनफर्टिलिटी यानी बांझपन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पहले आईवीएफ (IVF) और फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की जरूरत ज्यादातर 40 साल या उससे अधिक उम्र के दंपतियों को पड़ती थी, लेकिन अब 30 से 35 साल की उम्र में भी कई कपल्स को गर्भधारण करने के लिए मेडिकल सहायता लेनी पड़ रही है। चिंता की बात यह है कि प्रजनन क्षमता से जुड़ी समस्याएं केवल महिलाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पुरुषों में भी स्पर्म काउंट और शुक्राणुओं की गुणवत्ता से जुड़ी परेशानियां सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, बदलती जीवनशैली, देर से शादी, फैमिली प्लानिंग में देरी और हार्मोनल समस्याएं इसके पीछे अहम कारण हो सकते हैं।
30 से 35 साल की उम्र में क्यों बढ़ रही IVF की जरूरत?
डॉ. के अनुसार, इन दिनों 30 से 35 वर्ष की उम्र के कई दंपति गर्भधारण में परेशानी के कारण आईवीएफ सेंटर पहुंच रहे हैं। उनके मुताबिक, महिलाओं में ओवरी रिजर्व यानी अंडों की संख्या में कमी और प्रजनन क्षमता से जुड़ी समस्याएं कम उम्र में भी देखी जा रही हैं। इसके अलावा PCOS (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम), एंडोमेट्रियोसिस और हार्मोनल असंतुलन जैसी समस्याएं भी गर्भधारण को प्रभावित कर सकती हैं।
दूसरी ओर, पुरुषों में भी स्पर्म काउंट और शुक्राणुओं की गुणवत्ता से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन परिस्थितियों में कुछ दंपतियों को प्राकृतिक रूप से गर्भधारण करने में परेशानी होती है और उन्हें फर्टिलिटी विशेषज्ञों की मदद लेनी पड़ती है। बदलती सामाजिक परिस्थितियों में शादी और परिवार शुरू करने की उम्र भी बढ़ रही है। आज कई युवा पहले करियर बनाने और आर्थिक रूप से मजबूत होने पर ध्यान देते हैं। इस वजह से शादी 30 साल के बाद और बच्चों की प्लानिंग 35 साल के आसपास की जाती है। उम्र बढ़ने के साथ महिलाओं में अंडों की संख्या और गुणवत्ता प्राकृतिक रूप से कम होती जाती है। इसका असर गर्भधारण की संभावना पर पड़ सकता है। यही वजह है कि देर से परिवार शुरू करने वाले कुछ दंपतियों को फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ती है।
Rising Demand for IVF Treatment : खराब लाइफस्टाइल और खानपान बिगाड़ रहे हार्मोन का संतुलन
विशेषज्ञों के मुताबिक, आज की खराब जीवनशैली भी प्रजनन क्षमता को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण कारकों में शामिल है। देर रात तक जागना, लंबे समय तक एक जगह बैठकर काम करना, जंक फूड का अधिक सेवन और नियमित एक्सरसाइज न करना स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर डाल सकता है। असंतुलित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण वजन बढ़ने और मेटाबॉलिक समस्याओं का खतरा भी बढ़ता है। ये स्थितियां महिलाओं और पुरुषों दोनों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए विशेषज्ञ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वस्थ वजन बनाए रखने की सलाह देते हैं।
IVF की जरूरत से बचने के लिए समय पर लें विशेषज्ञों की सलाह
फर्टिलिटी से जुड़ी परेशानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यदि नियमित रूप से प्रयास करने के बावजूद गर्भधारण नहीं हो रहा है, तो समय रहते डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। सामान्य तौर पर 35 साल से कम उम्र की महिलाओं को एक साल तक नियमित असुरक्षित संबंध के बावजूद गर्भधारण न होने पर जांच करानी चाहिए। वहीं, 35 साल या उससे अधिक उम्र में छह महीने तक गर्भधारण न होने पर विशेषज्ञ से सलाह लेना उचित है। पहले से कोई प्रजनन संबंधी समस्या होने पर इससे भी पहले जांच कराई जा सकती है। ध्यान रखें कि IVF हर दंपति के लिए जरूरी नहीं होता। सही जांच और समस्या के कारण के आधार पर डॉक्टर उपचार का विकल्प तय करते हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


