





फिल्लौर, वीकेंड रिपोर्ट Philour Market Committee Chairman : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखदीप सिंह अपरा ने मार्केट कमेटी फिल्लौर के चेयरमैन के रूप में अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी कार्यालय में विशेष ताजपोशी समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता बलतेज सिंह पन्नू और हलका इंचार्ज हरजोत कौर लोहटिया विशेष रूप से पहुंचे। दोनों नेताओं ने सुखदीप सिंह अपरा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान बलतेज सिंह पन्नू और हरजोत कौर लोहटिया ने सुखदीप सिंह अपरा को चेयरमैन की कुर्सी पर बिठाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर संबोधित करते हुए बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि सुखदीप सिंह अपरा आम आदमी पार्टी के मेहनती, जुझारू और समर्पित नेता हैं। पार्टी को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनकी लंबे समय से की जा रही मेहनत, लगन और समर्पण को देखते हुए एक साधारण परिवार से आने वाले युवा नेता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सुखदीप सिंह अपरा अपनी नई जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएंगे तथा फिल्लौर हलके में पार्टी को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका अदा करेंगे।
हलका इंचार्ज हरजोत कौर लोहटिया ने भी सुखदीप सिंह अपरा को बधाई देते हुए कहा कि अपरा पार्टी के एक मेहनती नेता होने के साथ-साथ उनके पुराने साथी भी हैं। उन्होंने कहा कि सुखदीप सिंह अपरा उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने आम आदमी पार्टी के शुरुआती दौर से ही फिल्लौर हलके में पार्टी को स्थापित और मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की है।
Philour Market Committee Chairman : पार्टी के लिए पहले भी निभा चुके हैं कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

गौरतलब है कि सुखदीप सिंह अपरा फिल्लौर विधानसभा हलके से आम आदमी पार्टी के पहले हलका इंचार्ज रह चुके हैं। पार्टी की ओर से उन्हें समय-समय पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें लोकसभा हलका जालंधर के इंचार्ज, पंजाब के जनरल सेक्रेटरी और यूथ विंग पंजाब के सचिव जैसे अहम पद शामिल हैं।
पार्टी के शुरुआती दौर से लेकर अब तक उनके संगठनात्मक योगदान और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें मार्केट कमेटी फिल्लौर का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित व्यापारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने की शिरकत
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें लोकसभा इंचार्ज रमणीक सिंह रंधावा, जिला प्रधान प्रदीप दुग्गल, पंजाब एग्रो के चेयरमैन मंगल सिंह बासी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन एवं यूथ विंग के दोआबा प्रधान गुरिंदर सिंह शेरगिल, नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा प्रधान अतिन अग्निहोत्री, जिला सचिव मदन सिंह, किसान विंग के जिला उपप्रधान तरलोक सिंह विरक, जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर मेला सिंह, महिला विंग पंजाब की नेता एडवोकेट सिमरन कौर, नशा मुक्ति मोर्चा के जिला प्रधान दलजीत सिंह, ट्रेड विंग के जिला प्रधान अश्वनी कोहली, पूर्व हलका इंचार्ज एवं पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के वाइस चेयरमैन प्रिंसिपल प्रेम कुमार, महिला विंग की जिला प्रधान हरप्रीत कौर और जिला उपप्रधान सीमा बडाला सहित अन्य नेता शामिल हुए।
इसके अलावा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान एवं सदस्य, व्यापारी वर्ग, विभिन्न गांवों से पहुंचे सरपंच, पंच तथा इलाके की अन्य प्रमुख हस्तियों ने भी समारोह में भाग लिया और सुखदीप सिंह अपरा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
समारोह के दौरान खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। उपस्थित नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने उम्मीद जताई कि सुखदीप सिंह अपरा अपने अनुभव और कार्यशैली से मार्केट कमेटी फिल्लौर के कामकाज को बेहतर बनाएंगे तथा क्षेत्र के किसानों और आढ़तियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


