





चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Electricity OTS Scheme : पंजाब सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को इस योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया घरेलू बिजली बिलों पर लगने वाला पूरा ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल बिजली बिल की मूल बकाया राशि का भुगतान करना होगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह योजना अगले 45 दिनों तक लागू रहेगी। उपभोक्ताओं को शुरुआत में बकाया मूल राशि का 25 प्रतिशत जमा कराना होगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत रकम छह-छह महीने के अंतराल पर दो किस्तों में चुकाने की सुविधा मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस योजना से राज्य के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इन उपभोक्ताओं पर कुल 2,516 करोड़ रुपये की बकाया राशि है, जिसमें से 518 करोड़ रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा।
OTS योजना से जुड़े 10 बड़े सवाल-जवाब
1. किन उपभोक्ताओं को मिलेगा योजना का लाभ?
पंजाब के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। इसमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ता शामिल हैं।
2. किन बिजली बिलों पर मिलेगी छूट?
31 मार्च 2026 तक के बकाया घरेलू बिजली बिलों को इस योजना में शामिल किया गया है।
3. कितनी रकम होगी माफ?
बकाया बिजली बिलों पर लगा पूरा ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल मूल बकाया राशि जमा करानी होगी।
4. बकाया बिल का भुगतान कैसे करना होगा?
उपभोक्ताओं को सबसे पहले मूल बकाया राशि का 25 प्रतिशत जमा कराना होगा। बाकी 75 प्रतिशत राशि छह-छह महीने के अंतराल पर दो किस्तों में जमा की जा सकेगी।
5. कितने दिनों तक लागू रहेगी योजना?
वन टाइम सेटलमेंट योजना 45 दिनों तक लागू रहेगी।
6. कितने परिवारों को होगा फायदा?
पंजाब के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है।
7. सरकार कितने रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ करेगी?
राज्य में कुल 2,516 करोड़ रुपये की बकाया राशि में से 518 करोड़ रुपये का ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा।
8. योजना का लाभ लेने के लिए कहां जाना होगा?
मुख्यमंत्री के मुताबिक, उपभोक्ताओं को किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। OTS योजना के तहत संशोधित बिजली बिल उनके घर भेजे जाएंगे।
9. क्या 600 यूनिट मुफ्त बिजली मिलती रहेगी?
हां, घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। OTS योजना का संबंध केवल पुराने बकाया बिजली बिलों से है।
10. क्या कटा हुआ बिजली कनेक्शन दोबारा जुड़ सकता है?
जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बकाया बिलों के कारण काटे गए हैं, वे योजना की शर्तें पूरी करके मूल बकाया राशि का भुगतान करने के बाद कनेक्शन बहाल करवाने के पात्र होंगे।
Punjab Electricity OTS Scheme : बोले- हमने वे गारंटियां भी पूरी कीं, जो चुनाव में नहीं लिखी थीं
OTS योजना की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने चुनाव के समय दी गई गारंटियों के अलावा भी कई वादे पूरे किए हैं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराए जाने पर भी सवाल उठाए। मान ने कहा कि पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने के लिए हवा की गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए और इसके बावजूद दिल्ली पहुंचने में लगभग तीन दिन लगेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में धान की कटाई पूरी होने से पहले ही दिल्ली में प्रदूषण के लिए राज्य को जिम्मेदार ठहराया जाने लगा था।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


