





बिजनेस डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- RBI Money Transfer Rules : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के भीतर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पैसे भेजने की व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। 11 नवंबर को जारी ‘RBI (Domestic Money Transfer) Directions, 2026’ तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। नए नियमों के तहत नकद के जरिए पैसे भेजने और प्राप्त करने की सीमा तय की गई है। इसके साथ ही ग्राहक की पहचान सत्यापित करना भी अनिवार्य होगा। इन नियमों से खासतौर पर प्रवासी मजदूरों, छोटे कारोबारियों और उन लोगों को फायदा मिल सकता है, जो बैंक खाते के बिना भी दूसरे शहरों या राज्यों में अपने परिवार और परिचितों को पैसे भेजते हैं।
एक बार में 10 हजार रुपये तक मिलेंगे नकद
आरबीआई ने कैश पे-आउट सुविधा के तहत एक लेनदेन में अधिकतम 10,000 रुपये नकद प्राप्त करने की सीमा तय की है। वहीं, एक व्यक्ति महीनेभर में अधिकतम 25,000 रुपये ही नकद प्राप्त कर सकेगा। इस सुविधा के तहत बैंक खाताधारक के खाते से ऐसे व्यक्ति को नकदी दी जा सकती है, जिसका संबंधित बैंक में खाता नहीं है। लाभार्थी एटीएम, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) या अन्य अधिकृत पेमेंट चैनलों के जरिए पैसा प्राप्त कर सकेगा। बैंक को पैसे प्राप्त करने वाले व्यक्ति का नाम और पता भी रिकॉर्ड में रखना होगा।
नकद जमा करके भेज सकेंगे 5 हजार रुपये
नकद जमा करके दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में पैसे भेजने पर भी सीमा निर्धारित की गई है। बैंक शाखा में जाकर ग्राहक NEFT के माध्यम से लाभार्थी के खाते में 50,000 रुपये तक भेज सकता है। वहीं, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट, एटीएम और अन्य अधिकृत माध्यमों से नकद के जरिए पैसे भेजने पर प्रति लेनदेन अधिकतम 5,000 रुपये की सीमा होगी। इस सुविधा के तहत एक व्यक्ति महीनेभर में अधिकतम 25,000 रुपये भेज सकेगा।
RBI Money Transfer Rules : मोबाइल नंबर और KYC कराना अनिवार्य
नए नियमों के तहत नकद आधारित मनी ट्रांसफर करने वाले व्यक्ति का सत्यापित मोबाइल नंबर और आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेज (OVD) के आधार पर पंजीकरण जरूरी होगा। यह प्रक्रिया आरबीआई के KYC दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक लेनदेन के लिए अतिरिक्त प्रमाणीकरण (AFA) भी अनिवार्य होगा। बैंकों को IMPS और NEFT के जरिए भेजे जाने वाले ट्रांजैक्शन मैसेज में पैसे भेजने वाले की जानकारी और एक विशेष पहचान चिह्न शामिल करना होगा, ताकि नकद आधारित लेनदेन की पहचान की जा सके।
संदिग्ध लेनदेन पर रहेगी नजर
आरबीआई ने बैंकों और गैर-बैंकिंग पेमेंट संस्थाओं को संदिग्ध लेनदेन पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ट्रांजैक्शन की संख्या और उनकी गति पर निगरानी रखी जाएगी। खाते में रकम जमा होने पर ग्राहक को अलर्ट भेजना भी जरूरी होगा। यदि किसी खाते या खातों के समूह में अचानक असामान्य रूप से बड़ी संख्या में लेनदेन या रकम जमा होने का मामला सामने आता है, तो उसकी जांच की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी देनी होगी।
रियल टाइम में होगा पैसे का ट्रांसफर
आरबीआई के नए नियमों के तहत घरेलू मनी ट्रांसफर को रियल टाइम या लगभग रियल टाइम में पूरा करने की व्यवस्था की गई है। बैंक और गैर-बैंकिंग संस्थाएं इस सेवा के लिए उचित शुल्क भी ले सकेंगी। ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाना भी अनिवार्य होगा। शिकायतों को रिजर्व बैंक इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम, 2026 के तहत भी उठाया जा सकेगा।
RBI Money Transfer Rules : पुराने नियमों की जगह लागू हुए नए दिशा-निर्देश
आरबीआई ने 5 अक्टूबर 2011 और 24 जुलाई 2024 को जारी घरेलू मनी ट्रांसफर से जुड़े पुराने सर्कुलर को एकीकृत कर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब ये नए नियम पुराने नियमों की जगह लागू होंगे। हालांकि, कार्ड से कार्ड में पैसे भेजने की सुविधा को इस नए ढांचे से बाहर रखा गया है। ऐसे लेनदेन पहले की तरह संबंधित पेमेंट इंस्ट्रूमेंट्स के नियमों के तहत संचालित होते रहेंगे।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


