





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Weather Update : देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह के समय कई शहरों में धुंध और कोहरा छाने लगा है। मौसम में बदलाव के चलते ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। वहीं, दिल्ली-NCR में ठंड के साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
पंजाब में शुक्रवार सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रहा और कुछ शहरों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। इसके चलते तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ गया है। मध्य प्रदेश में गुरुवार रात 20 शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। वहीं, उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लखनऊ और कानपुर समेत करीब 20 शहरों में कोहरा देखने को मिला। हरदोई में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजस्थान में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट
राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड में भी मौसम करवट लेने वाला है। राज्य के कई जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि 3,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
Weather Update : केदारनाथ में माइनस 8 और गंगोत्री में माइनस 12 डिग्री पहुंचा तापमान
उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों में ठंड का असर काफी बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह दर्ज किए गए तापमान के अनुसार केदारनाथ में पारा माइनस 8 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 7 डिग्री, गंगोत्री में माइनस 12 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार गिरते तापमान के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम और सर्द हो सकता है।
उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इसके बाद 18 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। हालांकि, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में लगातार गिरते तापमान के कारण आने वाले दिनों में सर्दी का असर और तेज होने की संभावना है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


