





लुधियाना (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Voter List Update : पंजाब के लुधियाना जिले में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एक जनवरी 2027 को आधार तिथि मानकर तैयार की गई इस सूची में जिले के कुल 23,44,070 मतदाताओं को शामिल किया गया है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु अग्रवाल ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
लुधियाना में 23.44 लाख मतदाता, 3,033 पोलिंग स्टेशन बनाए गए
जिला चुनाव अधिकारी के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में 12,16,462 पुरुष, 11,27,537 महिलाएं, 71 ट्रांसजेंडर और 471 एनआरआई मतदाता शामिल हैं। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के तहत मतदान केंद्रों का नए सिरे से निर्धारण किया गया है। इसके बाद जिले में कुल 3,033 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें 1,519 शहरी और 1,514 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं।
वेबसाइट पर देख सकते हैं अपना नाम
प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.ludhiana.nic.in पर अपलोड कर दी है। मतदाता घर बैठे अपना नाम सूची में चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, संबंधित चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले और देश में किसी भी मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने वाले नागरिक फॉर्म नंबर 6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
प्रवासी भारतीयों (NRI) के लिए फॉर्म नंबर 6-A निर्धारित किया गया है। वहीं, किसी मतदाता की मृत्यु होने पर नाम हटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 और मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण ठीक करवाने, पोलिंग एरिया बदलने अथवा डुप्लीकेट वोटर कार्ड बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।
Punjab Voter List Update : 2027 में 18 साल के होने वाले युवा भी कर सकते हैं आवेदन
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2027 में एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अभी से फॉर्म नंबर 6 के माध्यम से अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। इन आवेदनों पर संबंधित तिमाही में निर्धारित पात्रता तिथि आने के बाद विचार किया जाएगा।
नागरिक अपना आवेदन बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voters.eci.gov.in और Voter Helpline मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। आवेदन के साथ फोटो, आयु और निवास से संबंधित दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इन सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें, ताकि किसी भी तरह की गलती को निर्धारित समय के भीतर ठीक करवाया जा सके।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


