





लुधियाना (वीकैंड रिपोर्ट)- Ludhiana Firing Case : लुधियाना के शिंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरण नगर में थार गाड़ी पर हुई कथित फायरिंग का मामला अब एक दुखद घटना में बदल गया है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात 23 वर्षीय युवती रैना धीर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। युवक का दावा है कि युवती के परिजनों ने उस पर हमला करवाया, जबकि युवती के भाई ने युवक पर लंबे समय से उसकी बहन को परेशान करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बॉयफ्रेंड का आरोप: जन्मदिन का केक काटने बुलाया, फिर थार पर हुई फायरिंग
हैबोवाल निवासी दिव्यांशु बग्गा के मुताबिक, 2 नवंबर को उसका जन्मदिन था। उसने बताया कि उसकी दोस्त रैना धीर ने फोन करके उसे जन्मदिन का केक काटने के लिए अपने घर की गली में बुलाया था। दिव्यांशु का आरोप है कि रात करीब 12:30 बजे जब वह अपनी महिंद्रा थार लेकर हरचरण नगर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद 25 से 30 हथियारबंद युवकों ने उसे घेर लिया। उसने आरोप लगाया कि युवती के भाई रोहन धीर ने अपनी मां सीमा रानी के उकसाने पर हमला करवाया। युवक के मुताबिक, हमलावरों ने उसकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके और करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों से गाड़ी के टायर भी फट गए, लेकिन वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। दिव्यांशु ने बताया कि दोनों परिवारों की जान-पहचान खाटू श्याम यात्रा के दौरान हुई थी, जिसके बाद उसकी और रैना की दोस्ती हुई। उसका दावा है कि इस घटना से आहत होकर रैना ने आत्मघाती कदम उठाया।
युवती के भाई का पलटवार: तीन महीने से बहन को परेशान कर रहा था युवक
दूसरी ओर, मृतका के भाई रोहन धीर ने दिव्यांशु के आरोपों को खारिज किया है। रोहन के मुताबिक, उसकी बहन पढ़ी-लिखी थी और पिछले करीब तीन महीनों से दिव्यांशु उसे परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। उसने दावा किया कि परिवार ने युवक और उसके रिश्तेदारों को कई बार समझाया, लेकिन इसके बावजूद उसने कथित तौर पर परेशान करना बंद नहीं किया। रोहन का आरोप है कि घटना वाली रात युवक उनके घर के बाहर तेज आवाज में गाने बजा रहा था और शराब के नशे में था। परिवार के बाहर आने पर उसने अपने साथियों के साथ उन पर थार चढ़ाने की कोशिश की। भाई ने यह भी दावा किया कि युवक हैबोवाल से 8-10 लड़कों को बुलाकर लाया था और उन्हीं की ओर से फायरिंग की गई। रोहन ने कहा कि उसके पास कथित अनुचित संदेशों और करीब दो महीने की ऑडियो रिकॉर्डिंग के सबूत हैं। उसने प्रशासन से अपनी बहन को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Ludhiana Firing Case : CMC अस्पताल पहुंची पुलिस, CCTV फुटेज की होगी जांच
घटना की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-3 के सब-इंस्पेक्टर हरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ सीएमसी अस्पताल पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतका के परिजनों ने शुरुआती बयानों में आरोप लगाया है कि दिव्यांशु बग्गा उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने थार पर कथित फायरिंग की घटना को भी जांच में शामिल किया है। पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग कब्जे में लेकर उनकी फॉरेंसिक जांच करवाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए गए हैं। फायरिंग किसने की, युवती की मौत के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही और घटना में कौन-कौन शामिल था, इन सभी पहलुओं की जांच होना बाकी है। पुलिस की जांच, CCTV फुटेज, मेडिकल साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


