





नेपाल (वीकैंड रिपोर्ट)- Nepal Helicopter Crash : नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।
लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए रोटर ब्लेड
सशस्त्र पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी और सोलुखुम्बु में तैनात डीएसपी सूरज पांडे ने आईएएनएस को बताया कि फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह करीब 8:15 बजे खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हुई है और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। हालांकि, मृतक और घायल की पहचान तथा घायल व्यक्ति की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घायल को हेलीकॉप्टर से लुकला पहुंचाया गया
स्थानीय मीडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर से लुकला ले जाया गया। डीएसपी सूरज पांडे के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर आग नहीं लगी थी।
Nepal Helicopter Crash : नेपाल पुलिस ने एक्स पर दी हादसे की जानकारी
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुर्घटना की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, सोलुखुम्बु के फेरिचे हेलीपोर्ट पर दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई और एक अन्य घायल हुआ है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने स्थानीय मीडिया को बताया कि लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर ब्लेड टकराए। अधिकारियों की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
एवरेस्ट क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों की आवाजाही रहती है
सोलुखुम्बु जिला दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के लिए प्रसिद्ध है। यह इलाका विदेशी पर्यटकों और पर्वतारोहियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रियों को लाने-ले जाने के अलावा हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल आपातकालीन बचाव अभियानों के लिए भी किया जाता है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और विमानन अधिकारी दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


