





लुधियाना (वीकैंड रिपोर्ट)- Murder in Ludhiana : पंजाब के लुधियाना से रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना बनाई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के शरीर पर चाकू से कुल 28 वार किए गए। मृतका की पहचान कमलदीप कौर और आरोपी पति की पहचान रविंदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कमलदीप कौर 23 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से लुधियाना लौटी थी, जबकि रविंदर सिंह 29 अक्टूबर को भारत पहुंचा था। दोनों करीब तीन महीने तक अपने बेटे के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहे थे। इस दौरान भी उनके बीच लगातार विवाद होता रहता था।
पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, रविंदर सिंह को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। आरोपी के भारत लौटने के बाद भी घर में विवाद हुआ। पुलिस को आशंका है कि इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई और वारदात के लिए मौके का इंतजार करने लगा।
बेटे को सामान लेने भेजकर किया हमला
मामले में मृतका के बेटे गगनदीप सिंह के बयान से घटना की अहम जानकारी सामने आई है। उसने पुलिस को बताया कि वारदात के समय वह घर पर मौजूद था। उसके पिता ने उसे कुछ सामान लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। बेटे के घर से निकलते ही आरोपी ने रसोई से करीब 12 इंच लंबा स्टील का चाकू उठाया और पत्नी पर हमला कर दिया। जब गगनदीप वापस लौटा तो उसकी मां खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
Murder in Ludhiana : पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 28 घावों की पुष्टि
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की भयावहता सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कमलदीप कौर की छाती, पेट और पीठ पर चाकू से कुल 28 वार किए गए थे। हमले में उनके दिल को गंभीर नुकसान पहुंचा, जबकि गुर्दे और आंतें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद चाकू धोकर वापस रखा
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने चाकू धोकर वापस रख दिया था। पुलिस के मुताबिक, वह ऐसा करके सबूत छिपाने की कोशिश कर रहा था। बेटे के घर लौटने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया था। पुलिस ने रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। एसीपी राजेश शर्मा के मुताबिक, आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी या वारदात को आरोपी ने अकेले ही अंजाम दिया। मामले से जुड़े सभी सबूतों और परिस्थितियों की जांच जारी है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


