





कनाडा (वीकैंड रिपोर्ट)- Firing at Punjabi Radio Station in Canada : कनाडा के सरी शहर में स्थित लोकप्रिय पंजाबी रेडियो स्टेशन रेडियो स्विफ्ट 1200 AM पर हुई अंधाधुंध फायरिंग ने सनसनी फैला दी है। घटना उस समय हुई जब रेडियो स्टेशन पर लाइव कार्यक्रम प्रसारित किया जा रहा था। गोलीबारी में स्टेशन की खिड़कियों के शीशे टूट गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस वारदात का संबंध हुड 420 गैंग से जोड़ा जा रहा है, जिसे कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी ढिल्लों के नेटवर्क से जुड़ा माना जाता है या फिर उनके नाम का इस्तेमाल कर जबरन वसूली की जाती है।
लॉरेंस-गोल्डी के नाम पर मांगी गई 50 लाख डॉलर की फिरौती
जांच एजेंसियों के अनुसार, हुड 420 गैंग से जुड़े 25 वर्षीय रविंदर सिंह के फोन से एक धमकी भरा संदेश बरामद हुआ है। यह संदेश रेडियो स्टेशन के मालिक को भेजा गया था, जिसमें 50 लाख डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) की फिरौती मांगी गई थी। धमकी में रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद और दबाव के चलते 29 सितंबर को रेडियो स्टेशन को निशाना बनाकर फायरिंग की गई।
Firing at Punjabi Radio Station in Canada : 100 से अधिक आपराधिक मामलों से जुड़ा नेटवर्क
सरी पुलिस के मुताबिक आरोपी रविंदर सिंह का नेटवर्क केवल एक प्रांत तक सीमित नहीं है। उसका नाम ओंटारियो में चल रहे एक बड़े जबरन वसूली रैकेट से भी जुड़ा हुआ है, जिसमें 17 आरोपियों के खिलाफ 100 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी पर अल्बर्टा में हुई पार्कलैंड शूटिंग और 20 लाख डॉलर की जबरन वसूली के मामले में भी संलिप्तता के आरोप हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग, धमकी और फिरौती से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कनाडा के विभिन्न हिस्सों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी संदिग्धों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


