





फिरोजपुर (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab DC Office Employees Strike : पंजाब में डीसी कार्यालयों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों का समाधान न होने पर संघर्ष का ऐलान कर दिया है। राज्यभर के डीसी कार्यालयों के कर्मचारी 7 से 9 दिसंबर तक तीन दिन कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल करेंगे। इस दौरान हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक धरना दिया जाएगा।
चार महीने बाद भी मांगों पर नहीं हुई कार्रवाई
डीसी कार्यालय फिरोजपुर कर्मचारी यूनियन के सदस्यों मेहताब सिंह, बलदेव सिंह, दर्शन कौर, गुरतेज सिंह, बलजीत कौर और दिनेश कुमार ने बताया कि 30 जून 2026 और 27 जुलाई 2026 को पंजाब भवन, चंडीगढ़ में राजस्व मंत्री और विभागीय अधिकारियों के साथ यूनियन की बैठकें हुई थीं।
कर्मचारी नेताओं के अनुसार, इन बैठकों को करीब चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया। इतना ही नहीं, यूनियन के साथ दोबारा बातचीत भी नहीं की गई। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला लिया है।
10 और 11 दिसंबर को सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे कर्मचारी
यूनियन नेताओं ने बताया कि तीन दिन की कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल के बाद 10 और 11 दिसंबर को डीसी, एसडीएम, तहसील और सब-तहसील कार्यालयों के सभी कर्मचारी सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे। इसके चलते इन कार्यालयों में सरकारी कामकाज प्रभावित रहेगा।
Punjab DC Office Employees Strike ; मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा संघर्ष
कर्मचारी यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संघर्ष के अगले चरण का ऐलान किया जाएगा। इस मौके पर कुलदीप सिंह, सुखविंदर सिंह, मुकेश मित्तल सहित यूनियन के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


