





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- PM Modi on Women Reservation : विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि सरकार देश की ‘नारी शक्ति’ से किया अपना वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने साफ कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है।”
PM मोदी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया। इसमें पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है और वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई महिलाएं उनसे इस मुद्दे को उठाती रही हैं और अनेक बहनों ने पत्र लिखकर अपनी बात रखी है।
महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर बाधा हटाने का भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां भी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से उन्हें रोक नहीं पाएंगी। उन्होंने संकेत दिया कि अब इस दिशा में आगे बढ़ने का समय आ गया है।
PM Modi on Women Reservation : कैबिनेट ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को दी मंजूरी
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को मंजूरी दी गई। सरकार का लक्ष्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
प्रस्तावित विधेयकों में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान भी शामिल है। सरकार की योजना है कि इन विधेयकों के जरिए महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जा सके। हालांकि, इसके लिए संसद में विधेयकों का पारित होना जरूरी होगा।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से होगी, जबकि राज्यसभा 2 दिसंबर से बैठेगी। इस सत्र में महिला आरक्षण को लेकर सरकार की अगली रणनीति और विधायी प्रक्रिया पर सबकी नजरें रहेंगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


