
एस्ट्रो डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- June Month Rashifal 2026 : ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जून 2026 का महीना बेहद खास और प्रभावशाली रहने वाला है। इस माह कई बड़े ग्रहों का राशि परिवर्तन होगा, जिससे अनेक शुभ राजयोगों का निर्माण होने जा रहा है। वैदिक ज्योतिष गणनाओं के अनुसार देवगुरु बृहस्पति 2 जून को अपनी उच्च राशि कर्क में गोचर करेंगे, वहीं मंगल वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। इसके अलावा शुक्र और बुध का राशि परिवर्तन भी इस माह होगा। शनि मीन राशि में, राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में विराजमान रहेंगे। इन ग्रह स्थितियों के कारण हंस, रूचक, गजकेसरी और गजलक्ष्मी जैसे शक्तिशाली राजयोग बनेंगे, जिनका प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग रूप में देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं जून 2026 का विस्तृत मासिक राशिफल।
मेष राशि / Monthly Horoscope for Aries
(चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, आ)
मेष राशि के जातकों के लिए जून महीने की शुरुआत काफी व्यस्तता और भागदौड़ भरी रहने वाली है। इस दौरान कामकाज का दबाव अचानक बढ़ सकता है, जिसके कारण मानसिक तनाव महसूस होगा। कार्यक्षेत्र में आपको अपने विरोधियों और प्रतिस्पर्धियों से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपने कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। इस दौरान आपके ऊपर अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी डाली जा सकती हैं, जिसके कारण निजी जीवन के लिए समय निकालना मुश्किल होगा। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो धन निवेश से जुड़े मामलों में बहुत सोच-समझकर निर्णय लें। जल्दबाजी में लिया गया फैसला नुकसान का कारण बन सकता है। माह के पहले दो सप्ताह में समय, धन और ऊर्जा का सही प्रबंधन करना आपके लिए बेहद जरूरी रहेगा। परिवार के लोगों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकते हैं, इसलिए छोटी-छोटी बातों को तूल देने से बचें। क्रोध और अहंकार आपके बनते काम को बिगाड़ सकते हैं। हालांकि जून के तीसरे सप्ताह से परिस्थितियां धीरे-धीरे आपके पक्ष में आने लगेंगी। लंबे समय से अटके हुए कार्यों में गति आएगी और करियर-कारोबार में मनचाही सफलता मिलने के योग बनेंगे। माह के उत्तरार्ध में आपको किसी प्रभावी व्यक्ति का सहयोग प्राप्त होगा, जिसकी मदद से बड़ी समस्याओं का समाधान निकल सकता है। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और आय के नए स्रोत बनने के संकेत हैं। प्रेम संबंधों में शुरुआत में थोड़ी दूरी महसूस हो सकती है, लेकिन बाद में रिश्तों में मधुरता लौट आएगी। वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी का सहयोग तनाव कम करने में मददगार साबित होगा।
उपाय: प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा करें और दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
वृषभ राशि / Monthly Horoscope for Taurus
(ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृषभ राशि के जातकों के लिए जून का महीना मिश्रित लेकिन धीरे-धीरे अनुकूल परिणाम देने वाला रहेगा। महीने की शुरुआत में भाग्य का सहयोग थोड़ा कम मिलेगा, जिसके कारण छोटे-छोटे कार्यों को पूरा करने में भी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। अचानक खर्च बढ़ने से आपका बजट प्रभावित हो सकता है। इस दौरान आपको धन के लेनदेन और निवेश संबंधी मामलों में बेहद सावधानी बरतनी होगी। किसी पर आंख मूंदकर भरोसा करना नुकसानदायक साबित हो सकता है। माह के पहले हिस्से में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी चिंता का कारण बन सकती हैं। खुद के साथ-साथ जीवनसाथी की सेहत को लेकर भी मन परेशान रहेगा। कारोबार से जुड़े लोगों को जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए। हालांकि महीने के तीसरे सप्ताह से परिस्थितियां तेजी से आपके पक्ष में आने लगेंगी। कारोबार में अच्छा लाभ होगा और आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी। लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने के योग बन रहे हैं। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में धीरे-धीरे अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग मिलने लगेगा। आपकी मेहनत की सराहना होगी और पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि के संकेत हैं। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिल सकती है। परिवार में मांगलिक कार्य संपन्न होने के योग हैं और घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा। प्रेम संबंधों में खट्टी-मीठी नोकझोंक के बावजूद रिश्ते सामान्य बने रहेंगे। जीवनसाथी की भावनाओं की कद्र करने से संबंध और मजबूत होंगे।
उपाय: प्रतिदिन श्रीयंत्र की पूजा करें और श्री सूक्त का पाठ करें।
मिथुन राशि / Monthly Horoscope for Gemini
(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह)
मिथुन राशि के जातकों के लिए जून महीना काफी उतार-चढ़ाव लेकर आने वाला है। इस दौरान आपको अपनी वाणी, व्यवहार और निर्णयों पर विशेष नियंत्रण रखने की आवश्यकता होगी। महीने की शुरुआत में करियर और कारोबार से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। कारोबार में मंदी और विरोधियों की सक्रियता मानसिक तनाव का कारण बन सकती है। हालांकि आप अपनी बुद्धिमानी और सूझबूझ से परिस्थितियों को संभालने में सफल रहेंगे। माह के मध्य में अचानक कुछ बड़े खर्च सामने आ सकते हैं। घर की जरूरतों या किसी जरूरी कार्य के कारण आपको उधार तक लेना पड़ सकता है। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो कागजी कार्यवाही और धन के लेनदेन में विशेष सावधानी रखें। छोटी सी लापरवाही भविष्य में बड़ी परेशानी बन सकती है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर दोनों के साथ तालमेल बनाकर चलना होगा। माह के उत्तरार्ध में परिस्थितियों में कुछ राहत मिलेगी। इस दौरान रुके हुए कार्य धीरे-धीरे पूरे होने लगेंगे। हालांकि रिश्तों के मामले में यह महीना थोड़ा संवेदनशील रहेगा। परिवार के लोगों से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण मन दुखी रह सकता है। जीवनसाथी के साथ गलतफहमियां तनाव बढ़ा सकती हैं। प्रेम संबंधों में भी संवाद की कमी दूरी का कारण बन सकती है। ऐसे में विवाद की बजाय समझदारी और धैर्य से बात करना बेहतर रहेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह महीना सावधानी मांगता है। खानपान और दिनचर्या में लापरवाही न करें। मौसम बदलने के कारण छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं।
उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा करें और “ॐ नमो नारायणाय” मंत्र की एक माला जपें।
कर्क राशि / Monthly Horoscope for Cancer Zodiac
(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि के जातकों के लिए जून का महीना बेहद शुभ और लाभकारी रहने वाला है। महीने की शुरुआत किसी बड़ी खुशखबरी के साथ हो सकती है, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। लंबे समय से अटके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे और करियर-कारोबार में मनचाही प्रगति देखने को मिलेगी। इस दौरान आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों का सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए यह समय विशेष रूप से अनुकूल रहेगा। अधिकारियों की कृपा बनी रहेगी और आपके कामकाज की सराहना होगी। पदोन्नति और वेतन वृद्धि के योग बन सकते हैं। यदि आप विदेश में शिक्षा या करियर बनाने की कोशिश कर रहे हैं तो उसमें आ रही बाधाएं दूर होंगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी यह महीना लाभकारी रहेगा। बाजार में फंसा हुआ धन वापस मिल सकता है और बड़ी कारोबारी डील होने की संभावना है। माह के मध्य में किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से बड़ी समस्या का समाधान निकल सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आय के नए स्रोत बनेंगे। इस दौरान निवेश से भी लाभ मिलने के संकेत हैं। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और घर में धार्मिक या मांगलिक कार्य संपन्न हो सकते हैं। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। लव पार्टनर के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। परिवार के लोगों के साथ सामंजस्य अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से जुड़ी कोई खुशखबरी भी मिल सकती है।
उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की पूजा करें और शिव चालीसा का पाठ करें।
सिंह राशि / Monthly Horoscope for Leo
(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि के जातकों के लिए जून महीना मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा। महीने की शुरुआत से मध्य तक का समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। इस दौरान आपको “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” वाली स्थिति से बचकर रहना होगा। किसी भी प्रकार का शॉर्टकट अपनाने से नुकसान हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपने कार्यों में लापरवाही नहीं करनी चाहिए, अन्यथा अधिकारियों की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को नियम-कानून का पालन करना होगा। कागजी कार्यवाही समय पर पूरी करें और टैक्स या सरकारी मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही से बचें। महीने के पहले हिस्से में आय कम और खर्च अधिक रहने के कारण आर्थिक दबाव महसूस हो सकता है। हालांकि माह के मध्य के बाद परिस्थितियां सुधरने लगेंगी और करियर में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे। माह के उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को सीनियर और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। यदि आप आलस्य और अहंकार पर नियंत्रण रखेंगे तो मनचाही सफलता प्राप्त हो सकती है। सामाजिक मान-सम्मान में वृद्धि होगी और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ेंगे। रिश्तों के मामले में यह महीना संवेदनशील रहेगा। परिवार के लोगों के साथ बातचीत करते समय धैर्य बनाए रखें। प्रेम संबंधों में पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी न करें। वैवाहिक जीवन में छोटी-मोटी बातों को लेकर तनाव हो सकता है, लेकिन समझदारी से स्थिति संभल जाएगी।
उपाय: प्रतिदिन सूर्यदेव को जल अर्पित करें और सूर्याष्टकं का पाठ करें।
June Month Rashifal 2026
कन्या राशि / Monthly Horoscope for Virgo
( ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि के जातकों के लिए जून महीना शुभता, सौभाग्य और सफलता लेकर आने वाला है। महीने की शुरुआत से ही भाग्य आपका पूरा साथ देगा। सोचे हुए कार्य समय पर पूरे होंगे और करियर-कारोबार में अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। माह के पहले सप्ताह में कोई बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। इस दौरान आप भौतिक सुख-सुविधाओं पर धन खर्च कर सकते हैं। आर्थिक दृष्टि से यह समय लाभकारी रहेगा। पुराने निवेश से लाभ मिलने के संकेत हैं। किसी प्रभावी व्यक्ति की मदद से नई लाभकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों की अतिरिक्त आय के स्रोत बनेंगे और पदोन्नति या मनचाहे स्थान पर तबादले के योग बन सकते हैं। विदेश से जुड़े कारोबार करने वालों को विशेष लाभ प्राप्त होगा। माह के मध्य में कुछ छोटी-मोटी बाधाएं आ सकती हैं, लेकिन आपकी बुद्धिमानी और विवेक से वे जल्दी दूर हो जाएंगी। घरेलू मामलों में थोड़ी चिंता बढ़ सकती है, खासकर पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों को लेकर। हालांकि पिता या पिता समान व्यक्ति की मदद से समस्याओं का समाधान मिल जाएगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। लव पार्टनर के साथ आत्मीयता बढ़ेगी और रिश्ते मजबूत होंगे। विवाहित लोगों का दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा। परिवार में प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा तथा धार्मिक-मांगलिक कार्य संपन्न हो सकते हैं।
उपाय: प्रतिदिन भगवान गणेश की पूजा करें और गणेश चालीसा का पाठ करें।
तुला राशि / Monthly Horoscope for Libra
(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि के जातकों के लिए जून का महीना मिश्रित लेकिन धीरे-धीरे सकारात्मक परिणाम देने वाला रहेगा। महीने की शुरुआत में आपको अपने स्वभाव और निर्णयों पर विशेष नियंत्रण रखने की आवश्यकता होगी। क्रोध और अहंकार आपके लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। इस दौरान कार्यक्षेत्र में विरोधी सक्रिय रहेंगे और आपके कामकाज में बाधाएं डालने का प्रयास कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों को अपने कार्य समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। माह के पहले हिस्से में स्थान परिवर्तन, स्वास्थ्य संबंधी समस्या या पारिवारिक उलझनें मानसिक तनाव का कारण बन सकती हैं। हालांकि कठिन परिस्थितियों में जीवनसाथी और परिजनों का सहयोग आपको राहत देगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को धन निवेश से जुड़े मामलों में बहुत सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए। किसी भी प्रकार के जोखिम भरे निवेश से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा। माह के मध्य में भाग्य का सहयोग मिलने लगेगा और कुछ अच्छे अवसर आपके सामने आएंगे। यदि आप इन अवसरों का सही समय पर लाभ उठाने में सफल रहते हैं तो करियर और कारोबार दोनों में प्रगति देखने को मिलेगी। वरिष्ठ और अनुभवी लोगों की सलाह इस दौरान आपके लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। लंबे समय से अटके हुए कार्यों में गति आएगी और आर्थिक स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगेगा। रिश्तों के मामले में यह महीना थोड़ा संवेदनशील रहेगा। प्रेम संबंधों में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखें। छोटी-छोटी बातों को लेकर गलतफहमियां बढ़ सकती हैं। विवाहित लोगों को जीवनसाथी की भावनाओं की कद्र करनी चाहिए। परिवार में किसी सदस्य की सेहत को लेकर चिंता बनी रह सकती है।
उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा करें और शिवाष्टकं का पाठ करें।
वृश्चिक राशि / Monthly Horoscope for Scorpio
(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए जून का महीना बेहद शुभ और सफलता दिलाने वाला साबित होगा। इस पूरे महीने भाग्य आपका पूरा साथ देता हुआ नजर आएगा। घर और बाहर दोनों जगह लोगों से सहयोग और समर्थन मिलेगा। करियर और कारोबार में मनचाही प्रगति होगी तथा लंबे समय से अटके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे। महीने की शुरुआत से ही परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा। किसी प्रिय सदस्य की उपलब्धि से आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। माह के दूसरे सप्ताह में करियर और कारोबार से जुड़े रुके हुए कार्यों में तेजी आएगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो कारोबार में विस्तार के अवसर मिलेंगे। बाजार में फंसा हुआ धन वापस आने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। जून के मध्य में किसी धार्मिक या मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। लंबे समय बाद किसी प्रिय मित्र या रिश्तेदार से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी। इस दौरान सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी और लोग आपके निर्णयों की सराहना करेंगे। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि के योग हैं। माह के तीसरे सप्ताह में आपको धन निवेश के मामलों में थोड़ा सावधान रहना होगा। किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करें। रिश्तों के मामले में यह महीना बेहद अनुकूल रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा। अविवाहित लोगों के विवाह तय होने की संभावना बन रही है। ससुराल पक्ष से विशेष सहयोग मिलेगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और हनुमान चालीसा का सात बार पाठ करें।
धनु राशि / Monthly Horoscope for Sagittarius
(ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे)
धनु राशि के जातकों के लिए जून का महीना उतार-चढ़ाव और भागदौड़ से भरा रह सकता है। महीने की शुरुआत में कामकाज के सिलसिले में लंबी और छोटी दूरी की यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। हालांकि ये यात्राएं उम्मीद से कम लाभ देने वाली साबित हो सकती हैं। व्यवसाय से जुड़े लोगों को बाजार में मंदी और प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो साझेदार के साथ किसी बात को लेकर मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं। इस दौरान धन के लेनदेन में विशेष सावधानी बरतें। आय की तुलना में खर्च अधिक रहने से आर्थिक दबाव महसूस हो सकता है। हालांकि माह के मध्य से परिस्थितियां धीरे-धीरे आपके पक्ष में आने लगेंगी। अटके हुए कार्यों में गति आएगी और कारोबार में सुधार देखने को मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए जून का दूसरा भाग बेहतर साबित हो सकता है। इस दौरान आपको नए अवसर प्राप्त होंगे और किसी प्रतिष्ठित संस्थान से ऑफर मिल सकता है। हालांकि किसी भी निर्णय को जल्दबाजी या भावनाओं में आकर न लें। सोच-समझकर लिया गया फैसला भविष्य में लाभकारी रहेगा। रिश्तों के मामले में यह महीना थोड़ा संवेदनशील रहेगा। प्रेम संबंधों में गलतफहमियों के कारण दूरी बढ़ सकती है। आपकी लव लाइफ में किसी तीसरे व्यक्ति की दखलंदाजी तनाव का कारण बन सकती है। जीवनसाथी के साथ धैर्य और समझदारी बनाए रखें। माह के उत्तरार्ध में माता की सेहत को लेकर चिंता बढ़ सकती है।
उपाय: प्रतिदिन भगवान विष्णु की पूजा करें और श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
मकर राशि / Monthly Horoscope for Capricorn
(भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी)
मकर राशि के जातकों के लिए जून महीना बेहद शुभ और लाभकारी रहने वाला है। महीने की शुरुआत से ही करियर और कारोबार में अच्छे अवसर मिलने लगेंगे। यदि आप लंबे समय से नौकरी या रोजगार की तलाश कर रहे थे तो आपकी मेहनत रंग लाएगी। छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने के प्रबल योग बन रहे हैं। व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए यह महीना विशेष लाभ देने वाला रहेगा। आपकी कारोबारी योजनाएं सफल होंगी और किसी बड़ी डील के फाइनल होने से बाजार में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा आय के नए स्रोत बनेंगे। भूमि-भवन से जुड़े मामलों में भी सफलता मिलने की संभावना है। यदि आप लंबे समय से जमीन या मकान खरीदने-बेचने की योजना बना रहे थे तो इस माह वह पूरी हो सकती है। परिवार के लोगों का सहयोग और समर्थन पूरे महीने बना रहेगा। घर में सुख-शांति का वातावरण रहेगा और धार्मिक-मांगलिक कार्य संपन्न हो सकते हैं। माह के तीसरे सप्ताह में आपको अपने स्वभाव में जिद और अहंकार से बचना होगा। छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव बढ़ सकता है। स्वास्थ्य की दृष्टि से भी तीसरा सप्ताह थोड़ा सावधानी मांगता है। खानपान और दिनचर्या में लापरवाही करने से पेट संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी और वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। ससुराल पक्ष से विशेष सहयोग और सम्मान प्राप्त होगा।
उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें, बजरंग बाण का पाठ करें तथा शनिवार को पीपल के नीचे चौमुखा दीपक जलाएं।
कुंभ राशि / Monthly Horoscope for Aquarius
(गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
कुंभ राशि के जातकों के लिए जून महीना औसत लेकिन मेहनत के दम पर सफलता दिलाने वाला रहेगा। इस महीने आपको हर कार्य को बहुत सावधानी और योजनाबद्ध तरीके से करना होगा। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में छोटी-सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। सीनियर आपके कामकाज पर विशेष नजर बनाए रखेंगे, इसलिए अनुशासन और समयबद्धता का पालन करें। माह के दूसरे सप्ताह में करियर और कारोबार के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है। यह यात्रा खर्चीली और थकान भरी हो सकती है। आर्थिक मामलों में आपको विशेष सतर्कता बरतनी होगी क्योंकि अनावश्यक खर्च आपका बजट बिगाड़ सकते हैं। व्यवसाय से जुड़े लोगों को इस दौरान किसी भी जोखिम भरे निवेश से बचना चाहिए। माह के उत्तरार्ध में रिश्तों को लेकर विशेष सावधानी रखने की जरूरत रहेगी। परिवार के लोगों के साथ संवाद बनाए रखें और उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास करें। ईगो और जिद रिश्तों में दूरी बढ़ा सकते हैं। यदि आप प्रेम संबंध में हैं तो पार्टनर की बातों को नजरअंदाज न करें। हालांकि मेहनत और धैर्य के बल पर आप धीरे-धीरे परिस्थितियों को अपने पक्ष में करने में सफल रहेंगे। माह के अंत तक कुछ रुके हुए कार्य पूरे हो सकते हैं। सामाजिक स्तर पर भी आपकी प्रतिष्ठा में सुधार देखने को मिलेगा।
उपाय: प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें और श्रीकृष्ण स्तोत्र का पाठ करें।
June Month Rashifal 2026
मीन राशि / Monthly Horoscope for Pisces
(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि के जातकों के लिए जून महीना नए अवसरों और बदलावों का संकेत दे रहा है। हालांकि सफलता प्राप्त करने के लिए आपको हर कार्य योजनाबद्ध तरीके और पूरी मेहनत से करना होगा। महीने की शुरुआत में लंबी दूरी की यात्रा के योग बन रहे हैं। विदेश से जुड़े कारोबार या करियर में लगे लोगों को विशेष लाभ प्राप्त हो सकता है। करियर और कारोबार में शुरुआत में अच्छी प्रगति देखने को मिलेगी, लेकिन यदि आप मेहनत में कमी करेंगे तो दूसरे सप्ताह में परिणाम विपरीत भी हो सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में शॉर्टकट अपनाने से बचना चाहिए। छोटी-सी गलती बड़ी परेशानी बन सकती है। किसी सहकर्मी के साथ अनावश्यक नजदीकियां भी आपकी छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं। माह के मध्य में भूमि, भवन और घरेलू मामलों को लेकर उलझनें बढ़ सकती हैं। किसी भी निर्णय को जल्दबाजी में लेने से बचें। यदि मन में असमंजस हो तो फैसले को कुछ समय के लिए टालना बेहतर रहेगा। व्यवसाय से जुड़े लोगों को जोखिम भरे निवेश और सट्टा जैसी चीजों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। माह के उत्तरार्ध में परिस्थितियां राहत देने लगेंगी। किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से बड़ी समस्या का समाधान निकल सकता है। परिवार में चल रहे विवाद शांत होंगे और प्रेम संबंधों में भी सकारात्मक बदलाव आएंगे। यदि आपके प्रेम संबंध को परिवार की मंजूरी नहीं मिल रही थी तो माह के अंत तक परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। विवाहित लोगों को संतान सुख मिलने के संकेत हैं।
उपाय: प्रतिदिन भगवान लक्ष्मीनारायण की पूजा करें और नारायण कवच का पाठ करें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


