
वॉशिंगटन/तेहरान, 7 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Strait of Hormuz Reopening : संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच जारी भारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच पूरी दुनिया के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दोनों देशों ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर एक अहम सहमति जताई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए समझौते के तहत अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकाबंदी में ढील देने जा रहा है, जबकि ईरान चरणबद्ध तरीके से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए तैयार हो गया है। माना जा रहा है कि गुरुवार को दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।
फंसे जहाजों को जल्द मिलेगी राहत
अरबी मीडिया और अंतरराष्ट्रीय सूत्रों के अनुसार, इस समझौते के बाद अगले कुछ घंटों में जलडमरूमध्य में फंसे व्यापारिक और तेल के जहाजों को सुरक्षित बाहर निकलने की अनुमति दी जा सकती है। गौरतलब है कि अमेरिका-ईरान संघर्ष तेज होने के बाद ईरान ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस अहम समुद्री मार्ग को बंद कर दिया था। दुनिया की बड़ी तेल आपूर्ति इसी रास्ते से गुजरती है, इसलिए इसके बंद होने से वैश्विक बाजार में ऊर्जा संकट गहराने लगा था। कच्चे तेल और गैस की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था।
Strait of Hormuz Reopening : ट्रंप की चेतावनी के बाद बढ़ा दबाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समझौते के पीछे अमेरिका का सैन्य और कूटनीतिक दबाव भी बड़ी वजह माना जा रहा है। तनाव के दौरान एक अमेरिकी लड़ाकू विमान द्वारा ईरानी तेल टैंकर को निशाना बनाने की खबर ने हालात और ज्यादा गंभीर कर दिए थे। बताया गया कि हमले में टैंकर के रडर सिस्टम को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को खुली चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर जल्द शांति समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका और बड़े कदम उठा सकता है।
वैश्विक बाजार ने ली राहत की सांस
हालांकि अभी तक दोनों देशों की सरकारों की ओर से इस समझौते पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार में इस खबर के बाद राहत का माहौल देखने को मिला है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह खुल जाता है, तो अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में स्थिरता लौट सकती है और ऊर्जा संकट का खतरा काफी हद तक कम हो जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


