
चंडीगढ़, 17 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Weather Alert : पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।
इन जिलों में रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। वहीं, चंडीगढ़ में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
Punjab Weather Alert : तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान आनंदपुर साहिब में 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आंकड़ों ने चौंकाया
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 16 जून 2026 तक पंजाब में औसतन 20.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 20.6 मिमी रहता है। यानी राज्य में इस अवधि के दौरान सामान्य से लगभग 2 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि नवांशहर सबसे अधिक बारिश वाला जिला रहा, जहां 71.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 93 प्रतिशत अधिक है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


