

नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Uttarakhand Rain Alert : देश के कई राज्यों में मानसून का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
उत्तराखंड में बारिश का कहर, 12 लोगों की मौत
उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की जान चली गई है। नैनीताल में नैनी झील का जलस्तर 88 फीट से ऊपर पहुंचने के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए चैनल खोल दिए गए हैं। राज्यभर में 172 सड़कें बंद होने से कई इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए पांच जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।
बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा, गंगा का जलस्तर चिंताजनक
बिहार में गंगा, पुनपुन समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राजधानी पटना में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भागलपुर में गंगा नदी के कटाव के चलते करीब 100 साल पुराना दुर्गा मंदिर नदी में समा गया। वहीं जहानाबाद में जाफरगंज पुल के पास दरधा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
उत्तर प्रदेश में हादसे, हजारों लोग बाढ़ से प्रभावित
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। सीतापुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गाजीपुर में गंगा नदी में नहाने गईं दो नाबालिग लड़कियां बह गईं। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब सात फीट गहरा गड्ढा हो गया है। वहीं बलिया जिले में बाढ़ से लगभग 20 हजार लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
Uttarakhand Rain Alert : मध्य प्रदेश में उफान पर मंदाकिनी नदी
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सक्रिय मजबूत मानसूनी सिस्टम के कारण जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में लगातार भारी बारिश हो रही है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रामघाट क्षेत्र में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल जलमग्न हो गए हैं। सतना प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 2 और 3 सितंबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
लगातार बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए कई राज्यों में प्रशासन अलर्ट पर है। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


