
बटाला, 5 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Nihang Singh Dead in Batala : पंजाब के बटाला शहर में शुक्रवार दोपहर एक मामूली विवाद ने उस समय खूनी रूप धारण कर लिया, जब दो पक्षों के बीच कार निकालने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा गोलीबारी तक पहुंच गया। डिफेंस रोड पर हुई इस सनसनीखेज घटना में एक निहंग सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार विवाद बटाला के डिफेंस रोड पर दो पक्षों के बीच वाहन निकालने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : Mohali Girlfriend Murder Case : प्रेमिका ने ठुकराया तो आशिक बना कातिल! ऑफिस में घुसकर की हत्या, गर्दन पर किए 30 से ज्यादा वार
घटना में निहंग सिंह दीपइंद्र सिंह (पुत्र जसबीर सिंह), निवासी गांव शुक्रपुरा, बटाला को सिर में गोली लग गई। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के कंवलजीत सिंह और जगजीत सिंह, दोनों निवासी बटाला, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों के पैरों में गोलियां लगी हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए बटाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।

Nihang Singh Dead in Batala : घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. महताब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में गोलीबारी हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। एसएसपी ने कहा कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसपी (डी) संदीप वडेहरा, एसपी रमनिंदर सिंह, डीएसपी सिटी सुखइंद्र सिंह तथा संबंधित थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे।
वहीं घटना के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहरी बटाला के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि अपराधियों में पुलिस का डर कम होता जा रहा है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


