
जालंधर/चंडीगढ़, 4 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Devi Talab Mandir Bomb Threat : पंजाब में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जालंधर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवी तालाब मंदिर और त्रिपुरमालिनी मंदिर समेत राज्य के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने व्यापक सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मंदिर प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई।
पुलिस, बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स की टीमों ने देवी तालाब मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। हालांकि शुरुआती तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा ऐसा मामला है। इससे पहले जालंधर जिला अदालत परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स की तलाशी ली थी। देवी तालाब मंदिर 51वें शक्तिपीठ त्रिपुरमालिनी मंदिर के रूप में प्रसिद्ध है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
Devi Talab Mandir Bomb Threat : जानकारी के अनुसार, खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” बताने वाले संगठन की ओर से भेजे गए ई-मेल में पंजाब सिविल सचिवालय को दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ई-मेल में 5 और 6 जून को अंबाला और दिल्ली मार्ग पर यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है।
धमकी भरे संदेश में अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के मैसर मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। साथ ही ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी का जिक्र करते हुए भड़काऊ और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस, खुफिया एजेंसियों और साइबर सेल ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच जारी है। वहीं सभी संवेदनशील धार्मिक स्थलों और सरकारी भवनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Devi Talab Mandir Bomb Threat : इसी बीच, पंजाब पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है। साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर विदेश में बैठे एक आतंकी हैंडलर के संपर्क में थे।
पंजाब पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी बरामद की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस विस्फोटक का इस्तेमाल महत्वपूर्ण सार्वजनिक ढांचे को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और साजिश में शामिल हैंडलरों, सहयोगियों तथा अन्य कड़ियों को जोड़कर पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


