
जालंधर, 12 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Vande Bharat Route Change : रेल यात्रा करने वाले जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव सामने आया है। भारतीय रेलवे ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट में बड़ा परिवर्तन किया है। नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन अब जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन के बजाय गुरदासपुर और बटाला होकर संचालित की जाएगी। रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह बदलाव 16 जून से अमृतसर और 17 जून से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से प्रभावी हो जाएगा। इसके साथ ही ट्रेन का नॉन-रनिंग डे भी बदल दिया गया है। अब यह वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार की बजाय शनिवार को संचालित नहीं होगी।
जालंधर और ब्यास स्टेशन को नहीं मिलेगा लाभ
अब तक यह ट्रेन जालंधर सिटी स्टेशन पर रुकती थी, जिससे जालंधर, कपूरथला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलता था। लेकिन नए रूट लागू होने के बाद जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन इस ट्रेन के मार्ग से बाहर हो जाएंगे। रेलवे के इस फैसले से स्थानीय यात्रियों में निराशा देखी जा रही है, क्योंकि वंदे भारत एक्सप्रेस तेज और सुविधाजनक यात्रा का प्रमुख विकल्प बन चुकी थी।
Vande Bharat Route Change : क्या है रूट बदलने की वजह?
हालांकि रेलवे की ओर से मार्ग परिवर्तन के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है, लेकिन रेलवे सूत्रों का कहना है कि जालंधर सिटी स्टेशन से ट्रेन को अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल रहे थे। सूत्रों के अनुसार कई फेरों में सीटों की ऑक्यूपेंसी उम्मीद से कम रही, जबकि गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से वंदे भारत ट्रेन की मांग की जा रही थी। ऐसे में बेहतर यात्री संख्या और परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है।
नया समय और नया रूट
नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन संख्या 26406 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6:40 बजे कटड़ा से रवाना होगी। इसके बाद यह जम्मूतवी, पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला होते हुए दोपहर 11:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 4:40 बजे अमृतसर से रवाना होगी और बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट तथा जम्मूतवी के रास्ते रात 9:45 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
Vande Bharat Route Change : गुरदासपुर और बटाला को मिला बड़ा फायदा
मार्ग परिवर्तन के बाद पहली बार गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस की सीधी सुविधा मिलेगी। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को जम्मू और वैष्णो देवी यात्रा के लिए तेज और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। वहीं दूसरी ओर जालंधर, कपूरथला और आसपास के इलाकों के यात्रियों को अब इस ट्रेन का लाभ लेने के लिए अमृतसर, पठानकोट या अन्य स्टेशनों का सहारा लेना पड़ सकता है। रेलवे के इस फैसले ने जहां एक ओर गुरदासपुर और बटाला के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है, वहीं जालंधर क्षेत्र के यात्रियों को निराश भी किया है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


