
मुंबई (वीकैंड रिपोर्ट)- India–US Trade Deal : भारत और अमेरिका के बीच रेसिप्रोकल टैरिफ घटाने को लेकर हुए अहम समझौते का सीधा फायदा आम उपभोक्ताओं को मिल सकता है। इस ट्रेड डील के बाद देश में टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स से लेकर कुछ कृषि और रोजमर्रा के सामान सस्ते होने की उम्मीद जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टैरिफ कटौती का सबसे ज्यादा असर लैपटॉप, मोबाइल गैजेट्स, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और उनके पार्ट्स पर देखने को मिल सकता है। इंपोर्ट ड्यूटी घटने से इनकी कीमतों में कमी आ सकती है। इसके अलावा प्रोसेस्ड फूड, पैकेज्ड आइटम्स और घरेलू उपकरण भी सस्ते हो सकते हैं।
दाल-डेयरी और फूड महंगाई को मिल सकती है राहत
कृषि उत्पादों की बात करें तो दालें, डेयरी प्रोडक्ट्स और प्रोसेस्ड फूड पर लगने वाला आयात शुल्क घट सकता है। इससे बढ़ती खाद्य महंगाई पर कुछ हद तक काबू पाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से ट्रेड डील की पूरी और आधिकारिक शर्तें अभी जारी होना बाकी हैं।
टेक्सटाइल, जेम्स-ज्वेलरी और इंडस्ट्रियल सेक्टर को फायदा
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में नया मोड़ माना जा रहा है। इस समझौते से भारत के टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट सेक्टर को टैरिफ कटौती का लाभ मिल सकता है।
इसके साथ ही जेम्स और ज्वेलरी सेक्टर, जो भारत का प्रमुख निर्यात क्षेत्र है, को भी अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच मिलने की संभावना है। स्टील, केमिकल और इंजीनियरिंग गुड्स को भी निर्यात में सहूलियत मिल सकती है।
India–US Trade Deal : किन सेक्टरों पर राहत नहीं?
विशेषज्ञों के अनुसार, स्टील, एल्युमिनियम और कॉपर जैसे कुछ उत्पादों पर अब भी करीब 50 प्रतिशत तक ड्यूटी बनी रह सकती है। वहीं, कुछ ऑटोमोबाइल पार्ट्स पर भी नई ट्रेड डील के बावजूद ऊंचा टैरिफ लागू रहने की संभावना जताई जा रही है।
मोदी-ट्रंप बातचीत के बाद बनी सहमति
यह ट्रेड डील Narendra Modi और Donald Trump के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद सामने आई। समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जबकि भारत ने भी अमेरिकी सामान पर व्यापारिक बाधाएं कम करने पर सहमति जताई है।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि इस समझौते में भारत द्वारा रूस से तेल आयात कम करने और अमेरिका व संभवतः वेनेजुएला से तेल खरीद बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।
PM मोदी का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“आज मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद।”
इस ट्रेड डील के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि किन-किन उत्पादों पर कितनी राहत मिलेगी और इसका असर आम लोगों की जेब पर कब तक दिखने लगेगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





