
नई दिल्ली, 16 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- India Strategic Oil Reserve : पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते दुनिया भर में ऊर्जा संकट की आशंका गहरा रही है। इसी बीच भारत ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया यूएई यात्रा के दौरान भारत और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के बीच एक अहम समझौता हुआ है, जिसके तहत यूएई भारत के सामरिक पेट्रोलियम भंडारों में 3 करोड़ बैरल कच्चा तेल स्टोर करेगा।
यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं और वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, ऐसे में यह डील देश के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
जमीन के नीचे बने हैं भारत के ‘इमरजेंसी ऑयल बैंक’
भारत ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जमीन के नीचे विशाल चट्टानों को काटकर सामरिक पेट्रोलियम भंडार (SPR) तैयार किए हैं। ये भंडार आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, कर्नाटक के मंगलुरु और पाडुर में मौजूद हैं, जबकि ओडिशा के चंडीखोल में नया विशाल रिजर्व तैयार किया जा रहा है।
विशाखापट्टनम में बने भूमिगत रिजर्व की क्षमता 1.33 मिलियन मीट्रिक टन है, जबकि मंगलुरु में 1.5 मिलियन मीट्रिक टन तेल संग्रहित किया जा सकता है। वहीं पाडुर रिजर्व पहले चरण का सबसे बड़ा भंडारण केंद्र है, जिसकी क्षमता 2.5 मिलियन मीट्रिक टन है।
चंडीखोल में बन रहा सबसे बड़ा रिजर्व
भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ओडिशा के चंडीखोल में 4 मिलियन मीट्रिक टन क्षमता वाला नया रिजर्व भी तैयार कर रहा है। यह परियोजना PPP मॉडल पर विकसित की जा रही है और इसके पूरा होने के बाद भारत की तेल भंडारण क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।
India Strategic Oil Reserve : संकट के समय काम आएगा तेल भंडार
सरकार द्वारा बनाए गए ये सामरिक तेल भंडार युद्ध, वैश्विक संकट या कच्चे तेल की कीमतों में अचानक उछाल जैसी परिस्थितियों में देश को राहत देने के लिए उपयोग किए जाते हैं। इनका संचालन इंडियन स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व्स लिमिटेड (ISPRL) करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यूएई के साथ हुआ यह समझौता भारत की लॉन्ग टर्म ऊर्जा सुरक्षा रणनीति को मजबूती देगा और किसी भी वैश्विक संकट के दौरान पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


