
नई दिल्ली, 30 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- LPG Cylinder at Petrol Pump : ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर गहरा असर पड़ा है, जिससे भारत के तेल और गैस आयात में भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने से सप्लाई चेन बाधित हो गई है। इसी संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार लगातार बड़े फैसले ले रही है। सरकार ने पहले ही LPG सिलेंडर की बुकिंग, कीमतों और पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बदलाव जैसे कदम उठाए हैं। अब एक और बड़ा फैसला सामने आया है—देशभर के पेट्रोल पंपों पर भी LPG सिलेंडर बेचे जाएंगे।
सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने ऐलान किया है कि अब उसके पेट्रोल पंपों पर 5 किलो वाले छोटे घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध होंगे। यह कदम गैस एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी कतारों को कम करने और आम लोगों को राहत देने के लिए उठाया गया है। हालांकि, फिलहाल यह सुविधा शुरू होने की प्रक्रिया में है और आज शाम से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की संभावना है।
LPG Cylinder at Petrol Pump : इसके साथ ही सरकार ने पेट्रोल पंपों पर केरोसिन तेल की बिक्री को भी मंजूरी दी है। अगले 60 दिनों के लिए यह व्यवस्था लागू रहेगी, ताकि जरूरतमंदों को समय पर ईंधन मिल सके। नए नियमों के अनुसार, हर जिले में अधिकतम दो पेट्रोल पंपों पर ही केरोसिन बेचा जाएगा और वहां अधिकतम 5000 लीटर तक स्टॉक रखा जा सकेगा।
सिलेंडर की कीमतें और नियम:
पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर (छोटू) के दाम अलग-अलग होंगे। बिना कनेक्शन नया सिलेंडर लेने पर करीब 1476 रुपये खर्च होंगे। एक्सचेंज करने पर 976 रुपये और सिर्फ रिफिल कराने पर लगभग 586 रुपये देने होंगे। सरकार का यह कदम मौजूदा ऊर्जा संकट के बीच आम जनता को राहत देने और सप्लाई को सुचारू बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


