





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Delhi Building Collapse : राजधानी दिल्ली में इमारत ढहने की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में एक इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में तीन वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय इमारत के मलबे में कुल छह लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद कैट एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन वर्षीय बच्ची और 30 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया।
चार घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल हुए चार लोगों की पहचान लड्डू उर्फ देवांश (27), विकेश (35), आकाश (25) और दलीप उर्फ डिम्पा (22) के रूप में हुई है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक और घायल सभी लोग इमारत में किरायेदार के रूप में रह रहे थे। जिस इमारत में यह हादसा हुआ, उसके मालिक का नाम सुरेंद्र सिंह बताया गया है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Delhi Building Collapse : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जताया दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शाहदरा में हुए इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए। हादसे के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।
चावड़ी बाजार में भी ढह चुकी है तीन मंजिला इमारत
गौरतलब है कि दिल्ली में इमारत गिरने की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले ही चावड़ी बाजार इलाके में भी एक बड़ा हादसा हुआ था। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में 5 नवंबर को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई थी। उस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा और दिल्ली नगर निगम (MCD) की संयुक्त टीमों ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया था। इस मामले में पुलिस ने इमारत के मालिक सैमुल्लाह उर्फ अयूब को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा फरीदाबाद के सिरोही गांव से तीन ठेकेदारों को भी गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली में कम समय के भीतर इमारत ढहने की दो बड़ी घटनाओं ने एक बार फिर भवनों की सुरक्षा और निर्माण से जुड़े इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल शाहदरा हादसे की जांच जारी है और घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
English Key Phrases:
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


