





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट) Holiday on 16 November : सरकारी कर्मचारियों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। दिवाली के बाद अब छठ महापर्व को लेकर दिल्ली सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। दिल्ली के उपराज्यपाल ने छठ पूजा के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस फैसले के तहत दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालय, स्वायत्त संस्थान और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बंद रहेंगे।
सरकार के इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों और छठ पूजा मनाने वाले श्रद्धालुओं में खुशी की लहर है। खास बात यह है कि 16 नवंबर को सोमवार होने के कारण कर्मचारियों को सप्ताहांत के साथ जोड़कर लंबी छुट्टी का लाभ मिल सकता है।
13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत शुक्रवार, 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ की रस्म के साथ होगी। इसके बाद खरना, शाम का अर्घ्य और अंत में 16 नवंबर को सुबह के अर्घ्य तथा पारण के साथ इस महापर्व का समापन होगा।
छठ दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक: रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ महापर्व को केवल धार्मिक त्योहार ही नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष दिल्ली के लोग पिछले साल की तुलना में और अधिक उत्साह एवं भव्यता के साथ छठ महापर्व मनाएंगे।
Holiday on 16 November : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे विशेष इंतजाम
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 9 नवंबर को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, टेंट, महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के कमरे और 24 घंटे सफाई की व्यवस्था की जा रही है।
इसके अलावा, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मूनक नहर के पास करीब 11 किलोमीटर लंबा घाट और अन्य पूजा स्थलों को भी तैयार किया जा रहा है।
दिल्ली सरकार के इस फैसले से छठ महापर्व की तैयारियों को और गति मिली है। अब श्रद्धालु पूरी आस्था और उत्साह के साथ इस पावन पर्व का इंतजार कर रहे हैं।
नोट: घोषित अवकाश दिल्ली सरकार के संबंधित सरकारी कार्यालयों और संस्थानों के लिए है। इसे पंजाब या अन्य राज्यों के सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टी न समझें।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


