





अमृतसर (वीकैंड रिपोर्ट)- Amritsar Police Encounter Karanbir Singh : अमृतसर में पुलिस पर हमला कर फरार हुए कुख्यात आरोपी करणबीर सिंह का शनिवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में अंत हो गया। अमृतसर देहात के कंडोवालिया इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब 14 राउंड फायरिंग हुई। घटना में एक पुलिस जवान घायल हो गया, जबकि गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी आरोपी करणबीर सिंह ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घेरा तो शुरू कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत से फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कंडोवालिया क्षेत्र में आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घिरता देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गोली लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ASI पर हमले के बाद बना था पुलिस का मोस्ट वांटेड
करणबीर सिंह कुछ दिन पहले एएसआई जसवंत सिंह पर जानलेवा हमला कर चर्चा में आया था। आरोप है कि उसने एएसआई पर गोली चलाई थी, जिसमें अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद एएसआई ने साहस दिखाते हुए स्वयं वाहन चलाकर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन हथियार बरामदगी के लिए ले जाते समय वह पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गया था। तभी से उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
Amritsar Police Encounter Karanbir Singh : फरारी के बाद पूरे जिले में जारी हुआ था हाई अलर्ट
आरोपी के पुलिस हिरासत से भागने के बाद अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित किया गया था। जगह-जगह नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया और विशेष टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
एनकाउंटर के बाद कंडोवालिया और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस द्वारा फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


