





जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Firing in Jalandhar : पंजाब के जालंधर में बदमाशों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। बुधवार (4 नवंबर) देर रात गुरुनानक नगर इलाके में बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने दाल व्यापारी की महिंद्रा XUV गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमलावरों ने कुल 6 राउंड फायर किए, जिनमें 4 गोलियां गाड़ी पर और 2 हवाई फायर किए गए। वारदात के समय गाड़ी का मालिक साहिल खन्ना अपनी पत्नी के साथ घर के अंदर मौजूद था। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
मकान शिफ्ट करने के बहाने घर पहुंचे थे युवक
गुरुनानक नगर निवासी साहिल खन्ना ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे 5 से 6 युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उसके घर के बाहर पहुंचे थे। इनमें से दो युवक मुख्य गेट पर आए और मकान शिफ्ट करने की बात कहने लगे। युवकों ने साहिल से सामान ले जाने के लिए रास्ता खाली करने और अपनी गाड़ी साइड में करने को कहा। हालांकि, उनके चेहरे ढंके होने के कारण साहिल को शक हुआ। उसने युवकों से कहा कि जब सामान वाली ट्रॉली आएगी, तब वह गाड़ी हटा देगा।
बिजली जाते ही लौटे बदमाश, XUV पर की फायरिंग
साहिल के मुताबिक, युवकों के वहां से जाने के करीब दो मिनट बाद इलाके की बिजली गुल हो गई। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सवार बदमाश दोबारा घर के सामने पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर साहिल की गाड़ी को निशाना बनाया। बदमाशों ने XUV पर 4 गोलियां चलाईं और 2 हवाई फायर किए। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए।

Firing in Jalandhar : घर के अंदर पत्नी के साथ मौजूद था व्यापारी
फायरिंग के समय साहिल खन्ना अपनी पत्नी के साथ घर के अंदर था। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। साहिल ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी के साथ पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं है। वह दालों का सप्लायर है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर हमलावरों ने उसकी गाड़ी को ही निशाना क्यों बनाया और इस वारदात के पीछे क्या वजह थी।
पुलिस ने बरामद किए 6 खोल, CCTV फुटेज की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 के SHO अजमेर लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गोलियों के 6 खोल बरामद किए। ACP करनैल सिंह के अनुसार, साहिल खन्ना ने फिलहाल किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के चेहरे और उनकी मोटरसाइकिलों के नंबरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


