





चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Assembly Elections 2027 : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज करते हुए अपनी प्रदेश चुनाव समिति का ऐलान कर दिया है। इस समिति में प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों के साथ पांच पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्षों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि सूची में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम नहीं है, जबकि उनकी पत्नी और पूर्व सांसद परनीत कौर को समिति में जगह दी गई है। समिति में कुल 16 कोर सदस्य और तीन विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कई नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है।
दूसरी पार्टियों से आए 7 नेता कोर कमेटी में शामिल
प्रदेश चुनाव समिति के 16 कोर सदस्यों में से सात नेता दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल, पूर्व सांसद सुनील जाखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर, पूर्व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और पूर्व अकाली विधायक मनजीत सिंह मन्ना शामिल हैं। इन सात नेताओं में से छह कांग्रेस से भाजपा में आए हैं, जबकि मनजीत सिंह मन्ना ने अकाली दल छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।
Punjab Assembly Elections 2027 : 9 वरिष्ठ भाजपा नेताओं को भी मिली जगह
कोर कमेटी में नौ वरिष्ठ भाजपा नेताओं को भी शामिल किया गया है। इनमें तरुण चुग, अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन के नाम शामिल हैं। इन नेताओं को संगठन और सरकार में काम करने का अनुभव है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और विधायक जैसे पदों पर रह चुके नेता शामिल हैं।

तीन नेताओं को बनाया गया विशेष आमंत्रित सदस्य
भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति में तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। इनमें पंजाब भाजपा प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर शामिल हैं। ये नेता पंजाब में पार्टी संगठन और चुनावी रणनीति से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाएंगे। 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा की इस समिति को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


