





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Fog Driving Tips : सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने लगा है। कई इलाकों में धुंध इतनी ज्यादा होती है कि सड़क पर कुछ मीटर आगे देखना भी मुश्किल हो जाता है। खासकर हाईवे और एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच कम विजिबिलिटी (Visibility) हादसों का खतरा बढ़ा देती है। ऐसे में अगर आप भी सुबह ऑफिस जाते हैं या रात के समय कार से सफर करते हैं, तो घर से निकलने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां जरूर बरतें।
1. कार की सभी लाइट्स चेक करें
कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए कार की सभी लाइट्स का सही होना जरूरी है। सफर शुरू करने से पहले हेडलाइट, टेललाइट, इंडिकेटर और फॉग लैंप की जांच कर लें। कोहरे में हेडलाइट को लो-बीम पर रखें। हाई-बीम की रोशनी कोहरे से टकराकर वापस आंखों पर पड़ सकती है, जिससे सड़क देखने में परेशानी होती है।
2. विंडशील्ड और साइड मिरर रखें साफ
धुंध के दौरान पहले ही विजिबिलिटी कम होती है। ऐसे में गंदे शीशे और साइड मिरर परेशानी बढ़ा सकते हैं। इसलिए सफर से पहले आगे-पीछे के शीशे और मिरर अच्छी तरह साफ करें। वाइपर भी चेक कर लें। अगर गाड़ी के अंदर शीशों पर भाप जमने लगे तो डिफॉगर या डिफ्रॉस्टर का इस्तेमाल करें।
3. टायर और ब्रेक की जांच जरूर करें
कोहरे में अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए कार के टायरों में हवा का प्रेशर सही रखें और जांचें कि वे ज्यादा घिसे हुए तो नहीं हैं। ब्रेक लगाने पर आवाज आए या किसी तरह की परेशानी महसूस हो तो सफर पर निकलने से पहले गाड़ी की जांच करवा लें।
4. स्पीड कम रखें और दूरी बनाकर चलें
घने कोहरे में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना खतरनाक हो सकता है। अपनी गति इतनी ही रखें कि सामने सड़क पर दिखाई देने वाली दूरी के भीतर जरूरत पड़ने पर गाड़ी रोक सकें। आगे चल रहे वाहन से सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा दूरी बनाकर रखें, ताकि अचानक ब्रेक लगाने पर टक्कर से बचा जा सके।
5. ओवरटेक करने से बचें
कोहरे में सामने से आ रहे वाहन की दूरी और रफ्तार का सही अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में जल्दबाजी में ओवरटेक करने या अचानक लेन बदलने से बचें। अपनी लेन में चलें और सड़क पर बनी सफेद या पीली मार्किंग का सहारा लें। जरूरत पड़ने पर हॉर्न देकर दूसरे चालकों को सतर्क करें।
6. चलते समय हैजर्ड लाइट का इस्तेमाल न करें
कई लोग कोहरे में गाड़ी चलाते समय लगातार हैजर्ड लाइट जलाकर रखते हैं, लेकिन ऐसा करने से पीछे चल रहे ड्राइवर को आपके मुड़ने या लेन बदलने का संकेत समझने में परेशानी हो सकती है। हैजर्ड लाइट का इस्तेमाल इमरजेंसी की स्थिति में या गाड़ी को सुरक्षित स्थान पर रोकने के दौरान ही करें।
7. बहुत ज्यादा कोहरा हो तो सफर टाल दें
अगर कोहरा इतना घना है कि सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा, तो जोखिम उठाने के बजाय मौसम साफ होने का इंतजार करें। सफर के बीच अचानक कोहरा बढ़ जाए तो हाईवे के बीच में गाड़ी न रोकें। किसी सुरक्षित पार्किंग या सर्विस एरिया में पहुंचकर ही कार खड़ी करें और जरूरत के अनुसार हैजर्ड लाइट चालू करें।
Fog Driving Tips : सफर से पहले सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा
सर्दियों में सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। इसलिए कोहरे के मौसम में जल्दबाजी से बचें, वाहन की स्थिति जांचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। आपकी सावधानी न केवल आपकी, बल्कि आपके परिवार और सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


