

अमृतसर (वीकैंड रिपोर्ट)- Petrol Pumps New Rules : पंजाब में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। अमृतसर पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि बिना नंबर प्लेट, नंबर प्लेट हटाकर चल रहे या नंबर से छेड़छाड़ किए गए दोपहिया वाहनों को पेट्रोल न दिया जाए। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिकों से कहा है कि वे अपने कर्मचारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दें और ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखें।
जांच में सामने आया अहम खुलासा
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि विभिन्न आपराधिक मामलों की जांच के दौरान यह पाया गया है कि कई गैंगस्टर और अपराधी वारदातों को अंजाम देने के लिए दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। इनमें से कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी होती या उनके नंबरों से छेड़छाड़ की गई होती है। उन्होंने कहा कि अपराध करने के बाद आरोपी अक्सर इन्हीं वाहनों पर फरार हो जाते हैं और रास्ते में पेट्रोल पंपों से ईंधन भरवाते हैं।
CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध वाहन
पुलिस के अनुसार, कई मामलों की जांच के दौरान पेट्रोल पंपों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इनमें ऐसे कई दोपहिया वाहन दिखाई दिए जिन पर नंबर प्लेट गायब थी या नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहे थे। पुलिस का कहना है कि ऐसी स्थिति में आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है, जबकि पेट्रोल पंपों पर लगे कैमरे जांच में महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध करा सकते हैं।
Petrol Pumps New Rules : पेट्रोल पंप कर्मचारियों को सतर्क रहने की हिदायत
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पेट्रोल पंप कर्मचारियों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। इसी कारण सभी संचालकों को अपने स्टाफ को सतर्क रहने और संदिग्ध वाहनों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
पुलिस का मानना है कि इस कदम से अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण सुराग जुटाने में मदद मिलेगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट जरूर लगाएं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


