
नोएडा, 2 जुलाई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Noida Honeymoon Crime : महाराष्ट्र के लोहागढ़ में मंगेतर को पहाड़ी से धक्का देने की घटना के बाद अब उत्तर प्रदेश के नोएडा से भी वैवाहिक रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-75 निवासी एक नवविवाहिता ने अपने पति पर हनीमून के दौरान दार्जिलिंग में सीढ़ियों से धक्का देकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2026 को हरविंदर चौहान नामक युवक से हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी थी। शादी की शुरुआती खुशियां जल्द ही तनाव और हिंसा में बदल गईं।
शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ दिन बाद दोनों हनीमून के लिए सिक्किम और दार्जिलिंग गए थे। 9 मई को दार्जिलिंग के एक होटल में आरोपी पति ने कथित तौर पर उसे सीढ़ियों से धक्का दे दिया। इस घटना में महिला के सिर, पेट और दोनों घुटनों पर गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि यह हमला उसे जान से मारने की नीयत से किया गया था।
Noida Honeymoon Crime : महिला का कहना है कि नोएडा लौटने के बाद भी उसके साथ हिंसा का सिलसिला नहीं रुका। जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया, उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह उसे घायल अवस्था में छोड़कर अपने पिता के घर चला गया।
पीड़िता ने इलाज कराने और सरकारी मेडिकल परीक्षण के बाद 17 जून को सेक्टर-113 थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


