
तरनतारन (वीकैंड रिपोर्ट)- AAP Sarpanch murder : पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। तरनतारन जिले में एक शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के मौजूदा सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव ठठियां महंता के सरपंच हरभिंदर सिंह (45) पुत्र इकबाल सिंह, जो आम आदमी पार्टी से जुड़े थे, गांव के ही निवासी सेवक सिंह के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान जब वे स्टेज पर अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ नाच रहे थे, तभी एक अज्ञात हमलावर ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
AAP Sarpanch murder : बताया जा रहा है कि हमलावर ने बेहद नजदीक से गोलियां चलाईं, जो सरपंच के पेट और सिर में लगीं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस फायरिंग में उनका एक अन्य साथी भी घायल हो गया, जिसे तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना सरहाली की पुलिस और जिला तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावर की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस वारदात ने एक बार फिर पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। राजनीतिक हलकों में भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------





