
काबुल, 10 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Afghanistan Pakistan Air Strike : अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर उसकी हवाई सीमा का उल्लंघन कर सीमावर्ती क्षेत्रों में बमबारी करने का गंभीर आरोप लगाया है। अफगान सरकार का दावा है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों द्वारा किए गए हमले में 11 बच्चों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने एक बयान जारी कर कहा कि मंगलवार रात पाकिस्तानी सेना के विमानों ने अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। उनके अनुसार हमले के दौरान आम नागरिकों के घरों पर बम गिराए गए, जिससे कई मकान पूरी तरह नष्ट हो गए और भारी जनहानि हुई।
अफगान प्रशासन के मुताबिक इस हमले में मारे गए लोगों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। इसके अलावा 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है और कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले के बाद प्रभावित क्षेत्रों से तबाही की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में क्षतिग्रस्त मकान, मलबे में तब्दील घर और घायल बच्चों को देखा जा सकता है। इन तस्वीरों ने स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।
Afghanistan Pakistan Air Strike : अफगानिस्तान ने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानूनों और राष्ट्रीय संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है। जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है और अफगान सरकार इसकी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने इसे “अमानवीय और अस्वीकार्य हमला” करार देते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी इस मामले पर ध्यान देने की अपील की।
हालांकि, इस मामले को लेकर पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दोनों देशों के बीच पहले भी सीमा सुरक्षा और आतंकी गतिविधियों को लेकर कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के संबंधों में और तनाव बढ़ सकता है। साथ ही सीमा क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को लेकर नई चिंताएं भी पैदा हो सकती हैं। फिलहाल क्षेत्र में हालात पर नजर रखी जा रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


