
चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि हाल ही में जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे के दौरान निवेशकों का मिला भरपूर उत्साह प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में नया मील का पत्थर साबित होगा और इससे पंजाब को सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभारने में और तेज़ी आएगी। जापान और दक्षिण कोरिया के दौरों के अपने अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पंजाब को दुनिया भर में उभरते हुए औद्योगिक केंद्र के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करना और औद्योगिक विकास को गति देकर युवाओं के लिए रोज़गार के अधिक अवसर पैदा करना है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह ऐतिहासिक दौरा औद्योगिक विकास को तेज़ रफ्तार देने और उसे आवश्यक बल प्रदान करने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बैठक के दौरान जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (जेबीआईसी) के सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर ओगावा काजूनोरी ने पंजाब के औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्टों की संभावनाओं की खोज में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि वे जापानी कंपनियों के माध्यम से संभावित वित्तीय अवसरों पर तकनीकी विचार-विमर्श जारी रखने के लिए सहमत हुए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि बैंक ने पंजाब निवेश सम्मेलन के निमंत्रण का भी स्वागत किया है और इसमें भाग लेने की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आइसन इंडस्ट्री कंपनी लिमिटेड के सी.ई.ओ. और ई.वी.पी. टोमोनोरी काई तथा टोरू नकाने ने भविष्य के निर्माण या अनुसंधान एवं विकास अवसरों के लिए पंजाब की संभावनाओं में सकारात्मक रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि यामाहा मोटर कंपनी लिमिटेड के ग्लोबल स्ट्रैटेजी मैनेजर और प्रोडक्ट प्लानिंग ग्रुप तनाका हिरोकी तथा सुजुकी मारी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, अनुसंधान एवं विकास सहयोग और कौशल विकास पहलकदमियों में निवेश पर खुलकर चर्चा की। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने प्रोग्रेसिव पंजाब निवेश सम्मेलन 2026 के निमंत्रण का भी स्वागत किया और पंजाब के निवेश-अनुकूल माहौल से जुड़े रहने में रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड के साथ बैठक में डिपार्टमेंट मैनेजर तत्सुओ नाकामुरा और आई.टी.ओ. कियोशी ने पंजाब में भारतीय साझेदारों के माध्यम से कंपोनेंट निर्माण की संभावनाएं तलाशने की बात कही। भगवंत सिंह मान ने कंपनी को पूर्ण सुविधा और नीतिगत सहायता का भरोसा दिया तथा उन्हें पंजाब निवेश सम्मेलन 2026 के लिए निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) के दक्षिण एशिया विभाग के डायरेक्टर जनरल यामादा तत्सुओ ने तकनीकी सहयोग और क्षमता-निर्माण कार्यक्रमों, विशेष रूप से फसली विविधता में पंजाब की विकास पहलकदमियों का समर्थन करने में रुचि की पुष्टि की।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


