

नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Census 2027 India : केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने जनगणना-2027 की तैयारियों को गति देते हुए गृह अनुसूची (Household Schedule) के तहत पूछे जाने वाले 40 सवालों को अधिसूचित कर दिया है। इन सवालों के आधार पर जनगणना अधिकारी देशभर में घर-घर जाकर परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र करेंगे। गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, नियुक्त जनगणना अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र के प्रत्येक परिवार से प्रश्नावली में शामिल सभी सवाल पूछेंगे। इस प्रक्रिया के जरिए देश की जनसंख्या, सामाजिक संरचना, शिक्षा स्तर और आर्थिक स्थिति से जुड़ा व्यापक डेटा तैयार किया जाएगा।
परिवार और व्यक्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी होगी दर्ज
जनगणना के दौरान व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय की उम्र, जीवनसाथी का नाम और राष्ट्रीयता जैसी जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके अलावा धर्म, माता-पिता का विवरण, विकलांगता, मातृभाषा और अन्य भाषाओं की जानकारी भी ली जाएगी।
शिक्षा और डिजिटल साक्षरता पर भी रहेगा फोकस
नई प्रश्नावली में साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शिक्षण संस्थानों में उपस्थिति और व्यक्ति की सबसे उच्च शैक्षिक योग्यता से जुड़े सवाल भी शामिल किए गए हैं। इससे देश में शिक्षा और डिजिटल पहुंच की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।
Census 2027 India : जाति से जुड़ा सवाल भी शामिल
जनगणना-2027 की सबसे चर्चित बातों में से एक जाति संबंधी डेटा संग्रह है। प्रश्नावली में एक सवाल के तहत लोगों से उनकी जाति की जानकारी भी मांगी जाएगी। स्वतंत्र भारत में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अलावा अन्य वर्गों की जातियों का भी व्यापक स्तर पर डेटा जुटाया जाएगा। प्रश्नावली के सवाल नंबर 10 में “अनुसूचित जाति (SC)/अनुसूचित जनजाति (ST)/जाति” का उल्लेख किया गया है।
बैंक खाते, मोबाइल और पहचान पत्रों की जानकारी भी ली जाएगी
नई प्रश्नावली में बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर तथा आधार कार्ड, वोटर आईडी, भारतीय पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान दस्तावेजों की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी शामिल किए गए हैं। इन जानकारियों का उद्देश्य देश में वित्तीय और डिजिटल समावेशन की स्थिति का आकलन करना है। सरकार का कहना है कि जनगणना-2027 के दौरान जुटाई जाने वाली जानकारी देश की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Census 2027 India : जनगणना 2027 में पूछे जाने वाले 40 सवाल :-
1- व्यक्ति का नाम क्या है?
2- परिवार के मुखिया से व्यक्ति का क्या संबंध है?
3- व्यक्ति का लिंग क्या है?
4- व्यक्ति की जन्मतिथि और आयु (पूर्ण वर्षों में) क्या है?
5- व्यक्ति की वर्तमान वैवाहिक स्थिति क्या है?
6- विवाह के समय व्यक्ति की आयु (पूर्ण वर्षों में) कितनी थी?
7- पति/पत्नी का नाम क्या है?
8- व्यक्ति द्वारा घोषित राष्ट्रीयता क्या है?
9- व्यक्ति का धर्म क्या है?
10- क्या व्यक्ति अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) से संबंधित है? उसकी जाति क्या है?
11- पिता का विवरण क्या है?
12- माता का विवरण क्या है?
13- क्या व्यक्ति को किसी प्रकार की दिव्यांगता है?
14- व्यक्ति की मातृभाषा क्या है और वह अन्य कौन-कौन सी भाषाएँ जानता है?
15- व्यक्ति की साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति क्या है?
16- क्या व्यक्ति किसी शैक्षणिक संस्थान में पढ़ रहा/रही है?
17- व्यक्ति द्वारा प्राप्त उच्चतम शैक्षणिक योग्यता तथा उसकी स्ट्रीम/विषय क्या है?
18- क्या व्यक्ति ने पिछले एक वर्ष के दौरान किसी समय काम किया है?
19- व्यक्ति की आर्थिक गतिविधि की श्रेणी क्या है?
20- व्यक्ति का व्यवसाय/पेशा क्या है?
21- व्यक्ति किस प्रकार के उद्योग, व्यापार या सेवा से जुड़ा है?
22- व्यक्ति किस श्रेणी का कामगार है?
23- सीमांत, अर्ध-सीमांत और गैर-कामगार व्यक्ति किस प्रकार की गैर-आर्थिक गतिविधि में शामिल है?
24- क्या सीमांत, अर्ध-सीमांत या गैर-कामगार व्यक्ति काम की तलाश कर रहा है अथवा काम के लिए उपलब्ध है?
25- व्यक्ति अपने कार्यस्थल तक किस साधन से जाता है?
26- व्यक्ति का जन्म स्थान क्या है?
27- व्यक्ति का पिछला निवास स्थान कौन-सा था?
28- व्यक्ति के प्रवास का कारण क्या है?
29- पिछले प्रवास के बाद से व्यक्ति इस गांव/शहर में कितने समय से रह रहा है?
30- व्यक्ति का स्थायी आवासीय पता क्या है?
31- वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला के वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या कितनी है?
32- वर्तमान में विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या अलग रह रही महिला द्वारा अब तक जीवित जन्म दिए गए बच्चों की कुल संख्या कितनी है?
33- वर्तमान में विवाहित महिला ने पिछले एक वर्ष के दौरान कितने जीवित बच्चों को जन्म दिया है?
34- व्यक्ति ने कोविड-19 का टीका कहां लगवाया था?
35- व्यक्ति के कुल कितने बैंक खाते हैं?
36- व्यक्ति का मोबाइल नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
37- व्यक्ति का आधार नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
38- व्यक्ति का वोटर आईडी नंबर क्या है? (यदि उपलब्ध हो)
39- भारतीय पासपोर्ट धारक होने की स्थिति में व्यक्ति का पासपोर्ट नंबर क्या है?
40- क्या व्यक्ति के पास ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध है?
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


