
शंभू बॉर्डर/पटियाला (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Farmers Protest : अमेरिका-भारत संभावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब के किसानों ने मंगलवार को दिल्ली कूच का ऐलान करते हुए शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पहुंचना शुरू कर दिया। किसानों की आवाजाही की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर उन्हें सील कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनें भी तैनात की गई हैं।
बॉर्डर सील होने के बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए और स्थायी मोर्चा लगाने की तैयारी शुरू कर दी। किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और वे किसी भी तरह के टकराव के पक्ष में नहीं हैं।
किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अंबाला प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है। पुलिस ने किसानों को बैरिकेडिंग से 100 मीटर दूर रहने की चेतावनी दी है। वहीं शंभू बॉर्डर बंद होने से जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है।
Punjab Farmers Protest : इस बीच सरकारी सूत्रों के अनुसार किसानों की मंगलवार शाम केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक हो सकती है। साथ ही हिरासत में लिए गए किसानों की रिहाई पर भी चर्चा होने की संभावना है। यह प्रस्ताव अंबाला पुलिस अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद सामने आया है।
गौरतलब है कि किसान आंदोलन के दौरान शंभू बॉर्डर 13 फरवरी 2024 से 20 मार्च 2025 तक करीब 401 दिनों तक बंद रहा था। अब एक बार फिर आंदोलन के चलते सीमा पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। वहीं, पंजाब भाजपा के प्रवक्ता अनिल सरीन ने कहा कि अमेरिका-भारत ट्रेड डील अभी अंतिम रूप में नहीं आई है, ऐसे में इसके विरोध का कोई औचित्य नहीं है। दूसरी ओर किसान संगठनों का कहना है कि वे अपने हितों की सुरक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेंगे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


