
लुधियाना, 3 जुलाई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Mawan Dhiyan Scheme Scam : सोशल मीडिया पर इन दिनों पंजाब सरकार की कथित ‘मावां-धियां योजना’ से जुड़े वीडियो और संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वायरल पोस्टों के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं योजना का लाभ लेने की उम्मीद में फॉर्म भरने और बैंक खाते लिंक कराने की जानकारी तलाश रही हैं। इसी बीच साइबर अपराधियों ने इस ट्रेंड का फायदा उठाते हुए लोगों को ठगने के लिए नया तरीका अपना लिया है। ठग मोबाइल पर ऐसे संदेश भेज रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि 24 घंटे के भीतर सरकारी सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
लुधियाना पुलिस ने इस तरह की साइबर ठगी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साइबर क्राइम टीम ने एक जागरूकता वीडियो जारी किया है। लगभग 35 सेकंड के इस वीडियो में पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने बताया कि साइबर ठग सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, लोगों को व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से एक आकर्षक संदेश भेजा जाता है, जिसमें लिखा होता है कि ‘मावां-धियां योजना के तहत आपकी राशि स्वीकृत हो गई है, 24 घंटे के भीतर पैसे प्राप्त करने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।’ जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसके सामने सरकारी वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट खुल जाती है। यहां बैंक खाता, एटीएम, आधार, पासवर्ड या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। जानकारी साझा करते ही साइबर ठग बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं।
Mawan Dhiyan Scheme Scam : लुधियाना साइबर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकार किसी भी योजना का लाभ देने के लिए इस प्रकार के संदिग्ध लिंक भेजकर बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी नहीं मांगती। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें।
साइबर सेल के प्रभारी सतबीर सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसी किसी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना देर किए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए या साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से रिपोर्ट करे। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


